रायसेन जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगर सांची में रविवार रात केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के दौरे के दौरान स्थानीय रहवासियों ने उनका काफिला रोककर अपनी समस्याएं सामने रखीं। वार्ड क्रमांक-14 स्थित बांके बिहारी कॉलोनी के बड़ी संख्या में रहवासी ज्ञापन लेकर मौके पर पहुंचे और सड़क, पेयजल, नाली, बिजली समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि वर्षों से प्रशासन और संबंधित विभागों से शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंत्री का काफिला कॉलोनी के पास पहुंचते ही रहवासियों ने वाहन रुकवाया। शुरुआत में सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं वाहन रुकवाकर लोगों की बात सुनी। महिलाओं, बुजुर्गों और स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कॉलोनी बसने के समय बेहतर सड़क, पेयजल, नाली और बिजली जैसी सुविधाओं का वादा किया गया था, लेकिन आज तक अधिकांश सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकीं। बारिश के दौरान जलभराव और खराब सड़कों के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों की शिकायतें सुनने के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान वाहन से उतरकर नागरिकों के बीच पहुंचे और उन्हें आश्वासन दिया कि वे स्वयं कॉलोनी का दौरा कर वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी। मंत्री ने कहा कि किसी भी नागरिक को बुनियादी सुविधाओं के लिए वर्षों तक इंतजार नहीं करना चाहिए। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षा कर्मी भी मौजूद रहे।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi

Medha Innovation & Development