Since: 23-09-2009
जबलपुर, 26 नवम्बर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जबलपुर में संविधान रक्षा संकल्प मार्च निकाला गया। मार्च में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल, पूर्व सांसद नकुलनाथ, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, तरुण भनोट, लखन घनघोरिया, जयवर्धन सिंह सहित विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोसी, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम नागरिक भी मार्च में मौजूद रहे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि संविधान की रक्षा करना हर नागरिक और कांग्रेस परिवार की जिम्मेदारी है। आजादी आसानी से नहीं मिली। पूर्वजों ने वर्षों यातनाएं सहीं, असंख्य बलिदान दिए और हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमा, लेकिन आजादी के संकल्प से पीछे नहीं हटे।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसने हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और स्वतंत्रता दी। संविधान ने सुनिश्चित किया कि देश किसी व्यक्ति विशेष की इच्छा से नहीं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के आधार पर चले।
पटवारी ने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान और लोकतंत्र के सामने आने वाली चुनौतियों को लेकर पहले ही आगाह किया था। यदि कोई अधिनायकवादी सोच संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को दबाने का प्रयास करती है, तो संविधान की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि आज देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के सबसे महत्वपूर्ण अधिकार मताधिकार पर संकट को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे समय में संविधान की रक्षा केवल किसी एक दल का नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक का संकल्प होना चाहिए। इसी संकल्प के साथ जबलपुर की धरती से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया गया है। हमारा संकल्प स्पष्ट है - संविधान बचेगा, लोकतंत्र बचेगा और नागरिकों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि देश के संविधान निर्माण में कांग्रेस के योगदान को पूरा देश जानता है। इसी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जननायक राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है।
उन्होंने कहा कि देश को दोबारा गुलामी की ओर ले जाने के किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं किया जाएगा। भाजपा को देश चलाने से पहले बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का संविधान पढ़ना चाहिए और उसके मूल्यों को समझना चाहिए। कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए आखिरी दम तक लड़ाई लड़ती रहेगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा कि वोटर लिस्ट पर पैनी निगाह रखनी होगी। देश और प्रदेश की सरकार लगातार संविधान को कमजोर करने का काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी INDIA गठबंधन के साथ मिलकर जननायक राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा की लड़ाई है।
यादव ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूचियों पर सतर्क निगरानी रखने और किसी भी गड़बड़ी के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा आवश्यक है।
मार्च के माध्यम से सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा तथा लोकतांत्रिक अधिकारों को सुरक्षित रखने का संकल्प दोहराया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |