Since: 23-09-2009
नई दिल्ली, 26 नवंबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में भारत के उच्चतम न्यायालय द्वारा आयोजित संविधान दिवस समारोह में शामिल हुईं। इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने सभी देशवासियों को संविधान दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर, 1949 को भारत के लोगों ने अपने संविधान को अंगीकृत किया। वर्ष 2015 में संविधान के प्रमुख शिल्पकार डॉ. बाबासाहब भीमराव आंबेडकर के 125वें जयंती वर्ष के शुभ अवसर पर आज के दिन को प्रति वर्ष संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया था। यह संविधान के महान शिल्पकार और संविधान के आदर्शों को श्रद्धा के साथ स्मरण करने का दिन है।
राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे गणतंत्र की गौरवशाली यात्रा में उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालयों और जिला एवं निचले न्यायालयों ने अमूल्य योगदान दिया है। पिछले दशकों के दौरान जीवन के अनेक क्षेत्रों में कल्पनातीत बदलाव आए हैं। विशेषकर प्रौद्योगिकी और मीडिया का प्रभाव निरंतर अधिक व्यापक और गहरा होता जा रहा है। बदलती परिस्थितियों और अपेक्षाओं के अनुसार अपनी भूमिका निभाते हुए न्यायपालिका ने न्याय के मूल आदर्शों को सुदृढ़ बनाए रखा है। समय-समय पर भारत की न्यायपालिका ने न्यायिक जवाबदेही पर विशेष बल देकर संविधान निर्माताओं के आदर्शों को फलीभूत किया है। न्यायिक स्वतंत्रता तथा न्यायिक जवाबदेही का समन्वय न्यायपालिका की भूमिका को शक्ति प्रदान करता है।
राष्ट्रपति ने कहा कि समय पर न्याय मिलना, न्याय की अवधारणा का अनिवार्य अंग है। समय पर न्याय सुलभ कराने के लिए न्यायपालिका द्वारा पद्धतियों को सरल बनाने, प्रौद्योगिकी का उपयोग करने तथा विशेष न्यायालयों का गठन करने जैसे अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि इन प्रयासों के बावजूद लंबित मामलों की विशाल संख्या हमारी न्याय प्रणाली के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि न्यायपालिका के प्रत्येक स्तर पर किए जा रहे प्रयासों के बल पर इस चुनौती का समाधान किया जा सकेगा।
राष्ट्रपति ने कहा कि सबके पास उच्च न्यायालयों और उच्चतम न्यायालय तक पहुंचने के संसाधन उपलब्ध नहीं होते हैं। हमारे संविधान का निर्देश है कि निःशुल्क कानूनी सहायता पहुंचाकर, समान अवसर के आधार पर न्याय सुलभ कराया जाए। इस निर्देश का लक्ष्य है कि आर्थिक या अन्य किसी विवशता के कारण कोई भी नागरिक न्याय प्राप्त करने के अवसर से वंचित न रह जाए। राष्ट्रपति ने इस बात पर बल दिया कि किसी राष्ट्र की वास्तविक प्रगति इस बात में निहित है कि प्रत्येक नागरिक को आगे बढ़ने और सफल होने के समान अवसर मिलें। उन्होंने प्रत्येक बच्चे की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक समान पहुंच के महत्व को रेखांकित किया। समाज के गरीब और वंचित वर्गों के लोगों के लिए कानूनी पैरवी की गुणवत्ता और विश्वसनीयता पर ध्यान देना भी बहुत महत्वपूर्ण है। इस संदर्भ में जिला, राज्य और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरणों को और अधिक प्रयास करके कमजोर और वंचित वर्गों तक न्याय पहुंचाने के लक्ष्य को प्राप्त करना है।
राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे देश में विधिक शिक्षा में समानुभूति और नैतिकता को उतना ही महत्व दिया जाना चाहिए जितना कानूनों के अध्ययन को दिया जाता है। उन्होंने विधि-जगत की प्रतिष्ठित विभूतियों से आग्रह किया कि वे युवा अधिवक्ताओं के समक्ष प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि युवा अधिवक्ताओं को यह देखना चाहिए कि इस पेशे में उत्कृष्टता के साथ समानुभूति और दक्षता के साथ करुणा का समन्वय किया जा सकता है।
राष्ट्रपति ने कहा कि न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं के रूप में महिलाओं की अधिक व्यापक और सक्रिय भागीदारी से हमारा समाज अधिक निष्पक्ष, न्यायपूर्ण, समतामूलक और समावेशी बन सकेगा। न्यायिक निर्णय-प्रक्रिया में महिलाओं का दृष्टिकोण समावेशिता, विविधता और संतुलन को बढ़ावा दे सकता है। उन्होंने न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं के रूप में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया। समावेशिता और योग्यता पर अधिक बल देने से हमारी न्यायपालिका और अधिक सशक्त होगी।
राष्ट्रपति ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने दिव्यांगजनों, एसिड हमले के पीड़ितों, 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों तथा गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले लोगों से संबंधित मामलों को प्राथमिकता देकर न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने मामलों के अधिक प्रभावी प्रबंधन और सूचीबद्ध करने, डिजिटल परिवर्तन को बढ़ावा देने तथा विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान को प्रोत्साहित करने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |