Since: 23-09-2009
श्योपुर, 25 नवंबर 2026
श्योपुर के ग्राम रानीपुरा में कूनो राष्ट्रीय उद्यान के समीप 'कूनो फॉरेस्ट रिट्रीट' के तीसरे संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। प्राकृतिक सौंदर्य के बीच आधुनिक सुविधाओं से युक्त टेंट सिटी विकसित की गई है, जहां पर्यटक सर्वसुविधायुक्त ऑल-सीजन स्विस टेंट में लग्जरी ग्लेम्पिंग का आनंद ले सकेंगे।
वर्ष 2023 में शुरू हुई इस पहल का उद्देश्य कूनो को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण अनुकूल पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।
*साहसिक खेल और सांस्कृतिक संगम*
महोत्सव में हाई-रोप कोर्स, तीरंदाजी, एयरगन शूटिंग, साइकिलिंग, बैटरी कार एवं एटीवी राइडिंग सहित विभिन्न साहसिक गतिविधियों की व्यवस्था है। पर्यटक ग्राम भ्रमण, स्थानीय कला एवं शिल्प कार्यशाला, लोक संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद भी ले सकेंगे।
पर्यटकों के लिए तीन दिन और दो रातों का विशेष अनुभव आधारित कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसमें जंगल सफारी, नदी किनारे प्रकृति भ्रमण, पक्षी अवलोकन, स्टारगेजिंग, देव खो इको-टूरिज्म स्थल का भ्रमण तथा योग एवं ध्यान सत्र शामिल हैं। जंगल सफारी वन विभाग की अनुमति, उपलब्धता और मौसम पर निर्भर रहेगी।
सचिव पर्यटन और मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी समृद्ध वन्यजीव संपदा और प्राकृतिक विविधता के लिए विश्वभर के पर्यटकों को आकर्षित करता है। विभाग राष्ट्रीय उद्यानों के समीप अनुभव आधारित पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण एवं स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
रिट्रीट से क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं, कलाकारों, शिल्पकारों एवं छोटे व्यवसायियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |