Since: 23-09-2009
भोपाल, 25 नवंबर 2026
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना जनजातीय समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण पर आधारित महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य जनजातीय परिवारों को आजीविका के साधन उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। उन्होंने योजना की सतत और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल पटेल बुधवार को लोकभवन के सांदीपनि सभागार में पशुपालन और डेयरी विभाग की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में जनजातीय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दीपक खांडेकर और पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव डॉ. सुदामा खाड़े भी मौजूद थे।
*मैदानी अमले को सक्रिय रखें*
राज्यपाल ने कहा कि मैदानी अमले को सक्रिय रखा जाए और पशुपालकों से फीडबैक लिया जाए। योजना के लक्ष्यों की पूर्ति में और अधिक सक्रियता लाई जाए। हितग्राहियों को समय-समय पर आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए। उन्हें पशुधन के पालन-पोषण, स्वास्थ्य, दूध बिक्री आदि की सभी जरूरी जानकारियां प्रदान की जाएं।
उन्होंने कहा कि पशुपालकों से सतत संवाद रखा जाए, उन्हें पशुपालन का महत्व समझाया जाए। उनकी कठिनाइयां समझी जाएं और तत्काल समाधान किया जाए। योजना की प्रगति और परिणाम को बाधित करने वाली मैदानी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
*प्रेरक अनुभवों के लिए कराएं भ्रमण*
राज्यपाल ने कहा कि योजना के अंतर्गत चिन्हित जनजातीय पशुपालकों को अन्य जिलों और राज्यों का भ्रमण कराया जाए। उन्हें उन्नत पशुपालकों के सफल अनुभव बताए जाएं। जनजातीय क्षेत्रों में मिल्क रूट के व्यवस्थीकरण और दुग्ध संघों की मजबूती के लिए हर संभव प्रयास किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में दुग्ध संकलन, बिक्री आदि के लिए सहकारिता को समुचित बढ़ावा देने के सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। योजना के क्रियान्वयन में अब तक प्राप्त पुराने अनुभवों से सीख लेकर आवश्यक संवर्धन और परिवर्धन भी किया जाए।
*प्रगति की दी जानकारी*
पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव डॉ. सुदामा खाड़े ने मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना की 2024-25 और 2025-26 की प्रगति, बीमा कंपनी को भेजे गए प्रकरण, प्रदाय पशुओं की स्वास्थ्य मॉनिटरिंग, पीएम जन-मन योजना, वनाधिकार पट्टा धारकों को विभागीय योजनाओं के लाभ और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में चयनित ग्रामों में विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने योजना की सफलता, नवाचार और सकारात्मक परिवर्तनों से भी अवगत कराया।
बैठक में राज्यपाल के उप सचिव सुनील दुबे, जनजातीय प्रकोष्ठ की सचिव मीनाक्षी सिंह, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |