Since: 23-09-2009
भोपाल, 22 नवंबर 2026
मध्यप्रदेश पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इंदौर में ठगी के शिकार व्यक्ति को उसके पूरे 70 हजार रुपये वापस दिलाए गए हैं। वहीं ऑपरेशन MATRIX 2.0 के तहत इंदौर और खंडवा में साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे तीन म्यूल बैंक खातों पर केस दर्ज किया गया है।
इंदौर के एक व्यक्ति को सोलर प्लांट का बिजनेस पार्टनर बनाने का झांसा दिया गया। कंपनी ने 33 हजार रुपये प्रति किलोवाट की दर से उपकरण देने का वादा किया। पीड़ित ने पार्टनरशिप फीस के तौर पर 70 हजार रुपये जमा कर दिए। बाद में कंपनी ने 60 हजार रुपये प्रति किलोवाट की मांग कर दी। पैसे वापस मांगने पर न उपकरण मिले और न ही रकम लौटी।
शिकायत पर क्राइम ब्रांच इंदौर ने बैंकों से समन्वय किया और कोर्ट के आदेश से पीड़ित को पूरी 70 हजार रुपये की राशि वापस दिलाई।
ऑपरेशन MATRIX 2.0 में इंदौर के थाना कनाड़िया पुलिस ने एक म्यूल खाते को पकड़ा। I4C पोर्टल की जांच में पता चला कि इस खाते से दिल्ली, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना की चार साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़े लेन-देन हुए हैं। इस पर खाताधारक महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
खंडवा पुलिस ने दो म्यूल खातों की पहचान की और तीन आरोपियों पर केस दर्ज किया है। एक खाता थाना कोतवाली क्षेत्र का और दूसरा थाना छेगांव माखन क्षेत्र का है। दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई जारी है।
म्यूल खाते वे होते हैं, जिन्हें साइबर अपराधी पहचान छिपाने और ठगी की रकम को घुमाने के लिए इस्तेमाल करते हैं। ये खाते लालच देकर किराए पर लिए जाते हैं या लोगों को गुमराह कर उनके खातों का गलत इस्तेमाल किया जाता है।
पुलिस ने अपील की है कि लालच में आकर किसी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, इंटरनेट बैंकिंग या यूपीआई की जानकारी न दें। अपने खाते से किसी और का लेन-देन न होने दें। ऑनलाइन निवेश, डीलरशिप या पार्टनरशिप के ऑफर पर भरोसा करने से पहले कंपनी की जांच जरूर करें। ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या http://www.cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करें।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |