Since: 23-09-2009
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार, 23 नवंबर को मेपकास्ट के विज्ञान भवन, भोपाल में प्रदेश की पहली डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला और डॉ. वाकणकर गैलरी का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन करेंगे। साथ ही ‘प्राचीन से आधुनिक काल तक वैज्ञानिक विधियों से कालगणना’ विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला भी होगी।
*10 लाख साल पुरानी सामग्री की उम्र का पता चलेगा*
यह प्रयोगशाला पुरातात्विक सामग्रियों की वैज्ञानिक आयु निर्धारण और पुरा-जलवायु अध्ययन की सुविधा देगी। इससे करीब 10 लाख वर्ष तक पुरानी सामग्रियों की आयु का आकलन हो सकेगा। प्राचीन सभ्यताओं, पर्यावरणीय बदलावों और ऐतिहासिक परिस्थितियों के अध्ययन को इससे बढ़ावा मिलेगा।
*गैलरी में दिखेगी भीमबेटका खोज की कहानी*
गैलरी में प्रसिद्ध पुरातत्वविद् डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के जीवन, शोध और योगदान को दर्शाया जाएगा। भीमबेटका शैलाश्रयों की खोज उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। गैलरी से आमजन, विद्यार्थी और शोधार्थी उनके योगदान से परिचित होंगे।
*कार्यशाला में कालगणना पर होगा मंथन*
कार्यशाला में भारतीय कालगणना परंपरा, प्राचीन खगोलीय ज्ञान और आधुनिक तकनीकों के समन्वय पर देशभर के वैज्ञानिक और पुरातत्वविद् चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम में सुरेश सोनी, विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. शिव कुमार शर्मा, सह-संगठन सचिव प्रवीण रामदास और वीर भारत न्यास के निदेशक श्रीराम तिवारी मौजूद रहेंगे।
मेपकास्ट के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी ने कहा कि यह पहल प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के बीच सेतु का काम करेगी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |