Since: 23-09-2009

  Latest News :
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण से की सौजन्य भेंट.   मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से की सौजन्य भेंट.   गरीबी उन्मूलन में कृषि और ग्रामीण विकास की भूमिका पर संयुक्त कार्यशाला संपन्न, बोले शिवराज - आपने योजनाएं नहीं, देश बनाया है.   नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने राष्ट्रपति मुर्मु से की मुलाकात.   जिसके पास कौशल है, उसकी नौकरी कोई नहीं छीन सकता : लखनऊ में बोले प्रधानमंत्री मोदी.   49.60 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर, कृषि-ग्रामीण विकास की भूमिका पर दिल्ली में होगा महामंथन.   गंधवानी में उमंग सिंघार के मिलन समारोह में दिखा अपार स्नेह.   भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का कूटरचित वीडियो प्रसारित करने पर साइबर क्राइम थाने में शिकायत.   यौन हिंसा से पीड़ित बच्चों का संबल बनेंगी ‘शौर्या दीदी’.   जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर भोपाल में राज्य स्तरीय सम्मेलन.   कूनो फॉरेस्ट रिट्रीट के तीसरे संस्करण का हुआ शुभारंभ.   टंट्या मामा के बलिदान दिवस पर सभी छात्रावासों में होंगे संवाद कार्यक्रम.   घर बैठे मोबाइल से मिला धान विक्रय का टोकन, कबीरधाम के कोठार केंद्र में किसान ने बेचा 50 क्विंटल धान.   पीएम जनमन योजना के तहत जशपुर को पांच बड़े पुलों की सौगात, 16.03 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति.   पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रमुख योजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश.   देश की विविधता ही सबसे बड़ी ताकत : उप मुख्यमंत्री अरुण साव.   धनोरा में सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय.   धनोरा में मुख्यमंत्री साय ने दी 132.69 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात.  
बच्चों की सुरक्षा के लिए मध्यप्रदेश में बनेगी साझा रणनीति, बाल विवाह और डिजिटल अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए जिलों तक मजबूत होगा निगरानी तंत्र
निगरानी तंत्र

 

भोपाल। मध्यप्रदेश में बच्चों को बाल विवाह, यौन शोषण और डिजिटल अपराधों से सुरक्षित रखने के लिए पुलिस, प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा तथा स्थानीय निकायों के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाया जाएगा। बाल विवाह की आशंका पर समय रहते हस्तक्षेप, ऑनलाइन यौन शोषण के मामलों में त्वरित कार्रवाई और पीड़ित बच्चों के संरक्षण के लिए साझा रणनीति विकसित की जाएगी। इस दिशा में मध्यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन के सहयोग से राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित कर बाल सुरक्षा के लिए विभागों की सामूहिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की पहल की है।

 

राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा की अध्यक्षता में आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित कार्यशाला में इस विषय पर मंथन हुआ। कार्यशाला में 10 जिलों के पुलिस अधिकारियों, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल कल्याण समितियों, किशोर न्याय बोर्ड, पंचायत एवं नगरीय प्रशासन, स्कूल शिक्षा विभाग तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बाल विवाह उन्मूलन और बाल यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार सामग्री की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया।

 

राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा ने कहा कि बच्चों का सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करना केवल कानून की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि शासन, प्रशासन और समाज का साझा दायित्व है। बाल विवाह और यौन शोषण जैसी गंभीर समस्याओं के समाधान के लिए कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध कार्रवाई और व्यापक जनजागरूकता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए स्थानीय स्तर पर निगरानी, विवाह से पहले आयु सत्यापन और सूचना मिलने पर तत्काल हस्तक्षेप की व्यवस्था मजबूत करनी होगी।

 

डॉ. शर्मा ने डिजिटल माध्यमों पर बच्चों के बढ़ते जोखिमों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऑनलाइन यौन शोषण के मामलों में पीड़ित बच्चे की पहचान को गोपनीय रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बच्चे को दोषी ठहराने के बजाय संवेदनशील वातावरण में उसकी सहायता की जाए। डिजिटल साक्ष्यों का संरक्षण और संबंधित एजेंसियों के बीच त्वरित सूचना साझा करना भी आवश्यक है।

 

मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि यह विषय केवल कानूनी या प्रशासनिक नहीं है, बल्कि यह हमारी सामाजिक चेतना, नैतिकता और भावी पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है। बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के बुनियादी मानव अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। जब हम किसी बच्ची या बच्चे का कम उम्र में विवाह करते हैं, तो हम उससे उसका बचपन, उसकी शिक्षा, उसका स्वास्थ्य और उसके सपने देखने का अधिकार छीन लेते हैं। यह एक ऐसा दुष्चक्र है जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी गरीबी, कुपोषण और अशिक्षा को जन्म देता है। उन्होंने कहा कि कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, कानून का प्रभावी क्रियान्वयन और सामाजिक मानसिकता में बदलाव ही वास्तविक समाधान है। हमें लाडो अभियान जैसे प्रयासों को ग्राम पंचायत स्तर तक और अधिक सशक्त करना होगा।

 

सामुदायिक पुलिसिंग के उप पुलिस महानिरीक्षक विनीत कपूर ने कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के अवसरों को प्रभावित करता है। इसकी रोकथाम के लिए पुलिस और प्रशासन के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकने का संकल्प केवल शपथ तक सीमित न रहे, बल्कि व्यवहार और कार्यप्रणाली में भी दिखाई देना चाहिए।

 

राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, भोपाल के प्रोफेसर डॉ. वीरपाल सिंह ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानून के अनुसार लड़की की आयु 18 वर्ष से कम अथवा लड़के की आयु 21 वर्ष से कम होने पर विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। बाल विवाह कराने या उसमें सहयोग करने वालों के विरुद्ध दो वर्ष तक के कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।

 

कार्यशाला में बच्चों के ऑनलाइन यौन शोषण, आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री, साइबर अपराधों की पहचान और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई को लेकर विशेष चर्चा हुई। दिव्यांगजन आयुक्त डॉ. अजय खेमरिया सहित विषय विशेषज्ञों ने बच्चों को डिजिटल माध्यमों के खतरों से सुरक्षित रखने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और पुलिस की जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

 

महिला एवं बाल विकास विभाग की समेकित बाल संरक्षण योजना के संयुक्त संचालक डॉ. अमिताभ अवस्थी ने पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों से जुड़े यौन अपराधों की रिपोर्टिंग और जांच में उनकी गरिमा, गोपनीयता तथा संवेदनशीलता बनाए रखना आवश्यक है। विशेषज्ञों ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से शिकायत एवं सहायता की व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी।

 

कार्यशाला में राज्य महिला आयोग के सचिव सुरेश तोमर, पंचायत राज संचालनालय के उप आयुक्त सुधीर खांडेकर, नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त संचालक ओ.पी. झा, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सचिव शुभा वर्मा तथा स्कूल शिक्षा विभाग के जितेंद्र सोनकुंवर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने विभागीय समन्वय और जनजागरूकता के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे।

 

कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बाल विवाह और बच्चों के विरुद्ध डिजिटल अपराधों की रोकथाम के लिए सूचना तंत्र, निगरानी, शिकायतों की रिपोर्टिंग और समयबद्ध कार्रवाई को जिला स्तर तक प्रभावी बनाया जाए। सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह रोकने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए सक्रिय योगदान देने की सामूहिक शपथ ली। इस पहल का उद्देश्य मध्यप्रदेश को बाल विवाह मुक्त बनाने के साथ प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त बचपन उपलब्ध कराना है।

MadhyaBharat 19 November 2026

Comments

Be First To Comment....
Video

Page Views

  • Last day : 8641
  • Last 7 days : 45219
  • Last 30 days : 64212


x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.