Since: 23-09-2009
भोपाल। ऊर्जा विभाग के अंतर्गत विभिन्न बिजली कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों एवं अधिकारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। विभाग सदैव कर्मचारियों एवं उनके संगठनों की मांगों के प्रति संवेदनशील रहा है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने यह बात गुरुवार को मंत्रालय में भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के दौरान कही।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि आप सभी के सहयोग से विभाग का प्रदर्शन सुधर रहा है। उन्होंने कर्मचारियों को कंपनी को प्रॉफिट में लाने के लिए प्रेरित करने को कहा। मंत्री ने कहा कि पहले भी कर्मचारियों की विभिन्न मांगों जैसे कैशलेस मेडिक्लेम, मकान किराया भत्ता, ओवर टाइम भत्ता सहित विभिन्न मांगों को पूरा किया गया है। आज आप लोगों द्वारा जो मांगें एवं सुझाव दिए गए हैं, उन पर गहन विचार कर अधिकारियों द्वारा परीक्षण कराया जाएगा तथा यथोचित निर्णय लिया जाएगा।
प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह ने कहा कि अकारण किसी मीटर रीडर को हटाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मचारियों को नियमित नियुक्ति में प्राथमिकता दी जाएगी। आउटसोर्स कर्मचारियों की दुर्घटना में मृत्यु पर बीमा राशि 4 लाख रुपये को बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।
बैठक में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप गुर्जर सहित अन्य प्रतिनिधियों ने विभिन्न विषयों की ओर ध्यान आकृष्ट किया और महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस दौरान सचिव श्रम रघुराज राजेन्द्रन, ऊर्जा विभाग के ओएसडी मंदार पुराणिक एवं संघ के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |