Since: 23-09-2009

  Latest News :
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण से की सौजन्य भेंट.   मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से की सौजन्य भेंट.   गरीबी उन्मूलन में कृषि और ग्रामीण विकास की भूमिका पर संयुक्त कार्यशाला संपन्न, बोले शिवराज - आपने योजनाएं नहीं, देश बनाया है.   नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने राष्ट्रपति मुर्मु से की मुलाकात.   जिसके पास कौशल है, उसकी नौकरी कोई नहीं छीन सकता : लखनऊ में बोले प्रधानमंत्री मोदी.   49.60 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर, कृषि-ग्रामीण विकास की भूमिका पर दिल्ली में होगा महामंथन.   गंधवानी में उमंग सिंघार के मिलन समारोह में दिखा अपार स्नेह.   भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का कूटरचित वीडियो प्रसारित करने पर साइबर क्राइम थाने में शिकायत.   यौन हिंसा से पीड़ित बच्चों का संबल बनेंगी ‘शौर्या दीदी’.   जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर भोपाल में राज्य स्तरीय सम्मेलन.   कूनो फॉरेस्ट रिट्रीट के तीसरे संस्करण का हुआ शुभारंभ.   टंट्या मामा के बलिदान दिवस पर सभी छात्रावासों में होंगे संवाद कार्यक्रम.   घर बैठे मोबाइल से मिला धान विक्रय का टोकन, कबीरधाम के कोठार केंद्र में किसान ने बेचा 50 क्विंटल धान.   पीएम जनमन योजना के तहत जशपुर को पांच बड़े पुलों की सौगात, 16.03 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति.   पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रमुख योजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश.   देश की विविधता ही सबसे बड़ी ताकत : उप मुख्यमंत्री अरुण साव.   धनोरा में सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय.   धनोरा में मुख्यमंत्री साय ने दी 132.69 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात.  
प्रदेश में खुलेगा नया दंत महाविद्यालय, मुख्यमंत्री ने मुंह के कैंसर की रोकथाम और बेहतर इलाज के लिए सुझाव आमंत्रित किए
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

 

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जिस प्रकार मानव शरीर और जीवन में दांतों का महत्व है, उसी प्रकार समाज में दंत चिकित्सकों का विशेष महत्व है। बच्चों की आयु और विकास का क्रम दांतों के आने से ही निर्धारित होता है और दांत ही व्यक्ति की सुंदरता को बढ़ाते और घटाते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में इसी सत्र में एक और शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय आरंभ करने की घोषणा की।

 

मुख्यमंत्री ने मुंह के कैंसर की रोकथाम और बेहतर इलाज के लिए सुझाव आमंत्रित करते हुए मध्यप्रदेश राज्य दंत परिषद को ओरल हेल्थ पॉलिसी पर ड्राफ्ट प्रस्तुत करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाई जा रही है। दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज शुरू करने से ग्रामीण क्षेत्रों में भी डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने पीएससी परीक्षा में चयनित होकर शासकीय सेवा में आए दंत चिकित्सकों को बधाई दी। वे मध्यप्रदेश राज्य दंत परिषद के हीरक जयंती समारोह और युवा दंत चिकित्सक संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में किया गया और इस अवसर पर दंत चिकित्सकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित भी किया गया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार समान रूप से सभी क्षेत्रों में विकास पर बल दे रही है। मध्यप्रदेश सरकार ने शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को वर्षों से लंबित पदोन्नति दी है, जिससे राज्य के लगभग 1 लाख से अधिक शासकीय सेवक लाभान्वित हुए हैं। युवाओं के लिए नई भर्तियां खोलकर 85 हजार पदों पर भर्ती की गई है और आगामी दो साल में 2 लाख रिक्त पद भरे जाएंगे। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से 4 वर्गों पर जोर दिया है, इसी आधार पर राज्य सरकार ने पहले नारी कल्याण, किसान कल्याण और अब युवा वर्ष की शुरुआत करने की योजना बनाई है। वर्ष 2027 युवा वर्ष होगा और दो बार पीएससी परीक्षा कराई जाएगी। राज्य में औद्योगिक विकास के आधार पर भी रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2002-03 तक केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे, इसके बाद वर्ष 2023 तक इनकी संख्या 19 हुई और आज प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। ग्वालियर में 1915 में पहला आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय बना। उसके बाद 1995 तक राज्य में सिर्फ 6 आयुर्वेदिक कॉलेज थे। अब सरकार ने एक वर्ष में ही 9 शासकीय आयुर्वेदिक कॉलेजों की शुरुआत की है। मंडला, डिंडौरी, सागर सहित प्रत्येक जिले में शासकीय मेडिकल कॉलेज और आयुर्वेदिक कॉलेज खोले जा रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत लोकतंत्र, युवा शक्ति और आबादी की दृष्टि से दुनिया का अग्रणी राष्ट्र है। हमें अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगानी चाहिए और समाज को जागरूक करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। अपने ज्ञान और जिज्ञासा की पूर्ति के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। राज्य सरकार ने प्रदेश में बेहतर शिक्षा के लिए सांदीपनि विद्यालयों की स्थापना की है। बच्चों को आने-जाने के लिए स्कूल बस की सुविधा भी मिल रही है। बेटियों को भी हर क्षेत्र में विकास के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। भारतीय संस्कृति में नर-नारी समान हैं। प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश में अनेक व्यवस्थाएं बदली हैं। अब रेल समय पर आने लगी है, शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सीधे डीबीटी से लाभ दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों को जनधन खातों की सौगात दी। डीबीटी लागू होने से हितलाभ वितरण में पारदर्शिता आई है। राज्य सरकार ने उद्योगपतियों को दी जाने वाली सब्सिडी का पूर्ण भुगतान भी डीबीटी से किया है। हमारा लक्ष्य है कि लोगों को उनके हक की रकम सीधे खाते में मिले। राज्य सरकार औद्योगिक विकास के लिए हर प्रकार से सहायता दे रही है और रोजगार परक उद्योग शुरू करने पर विशेष अनुदान दिया जा रहा है।

 

युवा दंत चिकित्सकों से संवाद में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित रखना चाहिए। जो भी करें मन से करें, क्योंकि ऐसा करने से काम करने में थकान नहीं होती, जबकि अनिच्छा से किया गया कार्य थकान देता है। उन्होंने भोजन और जीवन शैली पर विशेष ध्यान देने, अच्छी नींद लेने और योगाभ्यास तथा ध्यान को भी दिनचर्या में शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जो भी काम करें शत प्रतिशत ऊर्जा के साथ करें। लोगों से खुले दिल से मिलें, झूठ, छल, कपट से दूरी बनाएं और अपने लाभ से इतर समाज को भी कुछ देने की कोशिश करें। इससे सामाजिक तौर पर व्यक्ति का प्रभाव बढ़ेगा। उन्होंने चिकित्सकों से अपने कार्यों में शुद्धता, अपनापन और पारदर्शिता लाने तथा कम खर्च में गरीब-जरूरतमंदों को इलाज उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां सबकी प्रिय होती हैं, लेकिन पिता से बेटियों को विशेष लगाव होता है। बेटियां आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ जीवन व्यतीत करें, इसके लिए उनकी शिक्षा पर ध्यान देना आवश्यक है। वर्तमान परिवेश में बेटियों को रोजगारपरक पाठ्यक्रमों से जोड़ना आवश्यक है। कार्यक्रम को मध्यप्रदेश दंत चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डॉ. चंद्रेश शुक्ला और डॉ. सत्य प्रकाश शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में दंत चिकित्सक एवं चिकित्सा महाविद्यालयों के विद्यार्थी उपस्थित थे।

MadhyaBharat 19 November 2026

Comments

Be First To Comment....
Video

Page Views

  • Last day : 8641
  • Last 7 days : 45219
  • Last 30 days : 64212


x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.