Since: 23-09-2009
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सहित पूरे देश में खेलों के प्रति अत्यंत सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है। खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा राष्ट्रीय खेल हॉकी एक बार फिर अपने स्वर्णिम दौर में प्रवेश कर रहा है। भोपाल में पहली बार महिला हॉकी की अंतर्राष्ट्रीय एशियन चैंपियनशिप का आयोजन मध्यप्रदेश के लिए गौरव और बड़ी उपलब्धि का विषय है।
राजधानी भोपाल के बरखेड़ा नाथू में स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में आयोजित एशियन विमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के शुभारंभ अवसर पर सभी टीमों और खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस टूर्नामेंट में भारत सहित छह देशों की टीमें भाग ले रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए अधोसंरचना विकास और सुविधाओं के विस्तार हेतु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। शुभारंभ अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए खेल और खिलाड़ियों की दृष्टि से आज स्वर्णिम दिवस है। मुख्यमंत्री ने टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर भारत की टीम की स्पोर्ट्स जर्सी का विमोचन किया। उन्होंने पूर्व ओलंपियन हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान किया और उपस्थित दर्शकों तथा खेल प्रेमियों का अभिवादन किया।
बरखेड़ा नाथू स्टेडियम में महिला एशियन चैंपियनशिप का पहला मैच भारत और मलेशिया की महिला टीमों के बीच खेला गया। मेजबान भारत ने मलेशिया को 4-1 से पराजित कर अपने विजय अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दर्शकों और खेल पदाधिकारियों के साथ भारतीय टीम के खिलाड़ियों का हौसला अफजाई की और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में पहली बार आयोजित हो रही इंटरनेशनल एशियन चैंपियनशिप का शुभारंभ विशेषकर खिलाड़ियों, हॉकी प्रेमियों और प्रदेशवासियों के लिए गौरव के क्षण हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के पहले मुकाबले से पूर्व भारत और मलेशिया की महिला हॉकी टीम को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सभी खिलाड़ी अपनी पूरी क्षमता के साथ इस अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और मध्यप्रदेश की अतिथि सत्कार की गौरवशाली परंपरा की सुखद अनुभूति प्राप्त करेंगे।
शुभारंभ अवसर पर खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, खेल संगठनों के पदाधिकारी दिग्विजय सिंह, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, खेल विभाग के सचिव संजीव सिंह, खेल संचालक चंचल शेखर के अलावा पूर्व ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी अशोक ध्यानचंद, महबूब खान, जलालुद्दीन रिजवी, मोहम्मद यूसुफ, मधु यादव, समीर दाद, विवेक सागर और एशियाई खेलों के पूर्व खिलाड़ी उपस्थित थे। हॉकी स्टेडियम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उत्साह के साथ मौजूद थे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |