Since: 23-09-2009
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंदसौर जिले के गांधीसागर में मंत्रिपरिषद की बैठक वंदेमातरम के गान के साथ आरंभ हुई। बैठक से पहले मुख्यमंत्री का साफा पहनाकर और अंग वस्त्रम भेंट कर अभिवादन किया गया। मंत्रिपरिषद के सदस्यों का भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परिवेश के अनुरूप प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक गौरव और क्षेत्रीय जनभावनाओं को भी सम्मान दे रही है। इसी उद्देश्य से राजधानी भोपाल के बाहर विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जनजातीय महत्व के स्थानों पर डेस्टिनेशन कैबिनेट की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। अब तक भोपाल के बाहर नौ स्थानों पर मंत्रिपरिषद की बैठकें हो चुकी हैं, जिनके माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की पहचान, इतिहास और विकास की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गांधी सागर के पर्यटन स्थलों के ब्रोशर और डिजिटल कॉफी बुक का विमोचन किया। उन्होंने आस्क एआई, क्यू.आर. आधारित पर्यटन गाइड का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर डेस्टिनेशन गांधीसागर पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन हुआ।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहली डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक 3 जनवरी 2024 को जबलपुर में हुई थी। इसके बाद दमोह के सिंग्रामपुर, महेश्वर, इंदौर के राजवाड़ा, पचमढ़ी, खजुराहो, बड़वानी के नागलवाड़ी और भोपाल के जगदीशपुर में बैठकें आयोजित की गईं। इसी क्रम में 18 नवंबर 2026 को गांधीसागर में चंबल नदी के तट पर बैठक हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में रिकॉर्ड छठवीं बार खिताब जीतने पर बधाई दी। उन्होंने आसियान प्लस ओपन शतरंज चैंपियनशिप जीतने पर कटनी के अनुज श्रीवात्री को भी बधाई दी, जो मध्यप्रदेश के पहले और देश के 100वें ग्रैंडमास्टर बने हैं।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्यप्रदेश को नौ राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। उज्जैन, ग्वालियर, देपालपुर, देवास, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सागर और बुधनी को स्वच्छता के लिए पुरस्कृत किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सफाई मित्रों और नागरिकों के सामूहिक परिश्रम का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल में पहली बार महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन होगा। 19 नवंबर से नाथू बरखेड़ा में भारत, चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें भाग लेंगी। इससे भोपाल को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 63 हजार 296 करोड़ रुपये की लागत से पांच ग्रीनफील्ड कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इनकी कुल लंबाई 1,398 किलोमीटर होगी। सभी कॉरिडोर फोरलेन और एक्सेस-कंट्रोल्ड होंगे, जिनसे आवागमन सुगम होगा और औद्योगिक, व्यापारिक तथा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |