Since: 23-09-2009
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रेजांगला के वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा है कि रेजांगला में भारतीय सैनिकों की लड़ाई भारतीय सैन्य इतिहास में साहस और सर्वोच्च बलिदान का गौरवशाली अध्याय है। रेजांगला के वीरों का शौर्य पूरी दुनिया याद रखेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रेजांगला शौर्य दिवस के अवसर पर 1962 के भारत-चीन रेजांगला युद्ध के शहीदों के बलिदान को नमन करने के लिए नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में श्रीकृष्ण यादव महासभा द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि सभा को गांधी सागर से वर्चुअली संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1962 के भारत-चीन रेजांगला युद्ध में भारत माता के वीर सपूतों ने अद्भुत शौर्य और वीरता का प्रदर्शन किया। रेजांगला शौर्य दिवस के अवसर पर देशवासी इस युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के बलिदान को नमन कर रहे हैं। हमारे वीर सैनिकों ने अपनी जान की परवाह किए बगैर अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान के बल पर अद्भुत पराक्रम की मिसाल प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रेजांगला की रणभूमि में कुमाऊं रेजिमेंट के 120 रणबांकुरों का नेतृत्व करने वाले शहीद मेजर शैतान सिंह भाटी की वीरता और समर्पण को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि मेजर भाटी ने बर्फीली पहाड़ियों के बीच कठिन परिस्थितियों में कुशल नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि रेजांगला के युद्ध में हमारे वीर सैनिकों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। रेजांगला की भूमि पर भारतीय सैनिकों की वीरता ने संख्या को चुनौती दी, साहस ने संकट को पराजित किया और राष्ट्रभक्ति ने मृत्यु को मात दी। रेजांगला के वीरों ने दुनिया को बता दिया कि सैनिकों की शक्ति उनके हथियारों में नहीं, बल्कि उनके हृदय में होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भारत हर क्षेत्र में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। भारतीय सेना आधुनिक हो रही है, देश का रक्षा उत्पादन निरंतर बढ़ रहा है और भारतीय सैनिक दुश्मन को माकूल जवाब देने के लिए तैयार हैं। रेजांगला में तत्कालीन समय में कई चुनौतियां थीं, लेकिन हमारे वीरों ने अपने संघर्ष और लहू से स्वर्णिम इतिहास लिखा है। यह किसी जाति और समाज से बंधा नहीं है, बल्कि पूरे भारतवर्ष का गौरव बढ़ाता है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |