Since: 23-09-2009
भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि राज्यों के स्थापना दिवस समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई अभिनव पहल है। ऐसे आयोजन भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता को नई ऊर्जा देते हैं।
बुधवार को लोकभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित उत्तराखंड और झारखंड के संयुक्त स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने दोनों राज्यों के निवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह समारोह साझा विकास यात्रा और राष्ट्र-निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड प्रकृति संरक्षण, जल संवर्धन और पर्यावरण संतुलन की प्रेरणा देता है, जबकि झारखंड जनजातीय स्वाभिमान और सामुदायिक एकता का संदेश देता है। दोनों राज्यों की लोक परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करती हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता सीमा के विस्तार से नहीं, बल्कि विचारों, संस्कृतियों और समाज के हर वर्ग के सम्मान और खुशहाली से मजबूत होती है।समारोह में दोनों राज्यों के राज्यपालों के वीडियो संदेश, लघु फिल्मों का प्रदर्शन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |