Since: 23-09-2009
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बुधवार 18 नवंबर को राज्य मंत्रि-परिषद की बैठक मंदसौर जिले के गांधी सागर बांध स्थल पर आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि भोपाल के बाहर आयोजित होने वाली डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठकों में यह बैठक सबसे अलग और प्रभावी कदम होगी। इससे गांधी सागर को बहुउद्देशीय पहचान मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में पत्रकारों से चर्चा में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में डेस्टिनेशन कैबिनेट आयोजित कर वहां की विरासत, भौगोलिक विशेषताओं और क्षमताओं को सामने लाने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गांधी सागर में बन रही पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना बिजली उत्पादन के क्षेत्र में नई तकनीक है। करीब 11 हजार 474 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से पीक आवर्स में 2 हजार मेगावाट बिजली तुरंत उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे प्रदेश में 24 घंटे पर्याप्त बिजली मिलेगी और इस तरह तैयार बिजली की लागत सामान्य बिजली से लगभग आधी रहेगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल देश की ही नहीं, पूरे एशिया महाद्वीप में अपनी तरह की पहली परियोजना है। यह मध्यप्रदेश के लिए बिजली उत्पादन में लंबी छलांग साबित होगी। परियोजना शुरू होने के बाद स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों और शोधार्थियों को यहां भ्रमण के लिए लाया जाएगा, ताकि वे बिजली उत्पादन की इस तकनीक को समझ सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवाचार और जनकल्याण कार्यों को लगातार बढ़ावा देते हैं। पानी से बिजली बनाने वाली यह परियोजना विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए किसी तीर्थ से कम नहीं होगी। मध्यप्रदेश प्राकृतिक संसाधनों और पर्यटन संभावनाओं का अद्भुत केंद्र है। गांधी सागर अभयारण्य में चीता पुनर्वास परियोजना सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है। यहां हजारों-लाखों वर्ष पुरानी चट्टानों पर प्रागैतिहासिक शिलालेख और शैलचित्र भी देखे जा सकते हैं।
गांधी सागर क्षेत्र जनजातीय संस्कृति, प्राचीन पुरातात्विक विरासत, जलराशि और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में राजस्थान की सीमा से लगे गांधी सागर बांध में केज कल्चर तकनीक के माध्यम से बड़ी संख्या में मछुआरा परिवार अपनी आजीविका से आय अर्जित कर लाभान्वित हो रहे हैं।
नीमच जिले के गांधी सागर में ग्रीनको ग्रुप 1920 मेगावाट भंडारण क्षमता वाली पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना विकसित कर रहा है। इस पर लगभग 11 हजार 500 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने पर 1920 मेगावाट क्षमता पर लगातार 6 घंटे तक बिजली उत्पादन किया जा सकेगा। परियोजना नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक क्षेत्र में लगभग 414 हेक्टेयर भूमि पर स्थापित की जा रही है।
यह देश और एशिया में निर्माणाधीन सबसे बड़ी स्वतंत्र पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना है। इसमें दो जलाशय शामिल हैं। निचला जलाशय मौजूदा गांधी सागर जलाशय है। परियोजना में गांधी सागर जलाशय से केवल 2.4 टीएमसी पानी का गैर-उपभोगी पुनः उपयोग किया जाएगा, यानी पानी खर्च नहीं होगा, बल्कि चक्रीय रूप में बार-बार उपयोग होगा।
परियोजना में कुल 9 टर्बाइन लगाए जा रहे हैं। इनसे वार्षिक ऊर्जा उत्पादन क्षमता 3,580 मिलियन यूनिट होगी। पम्पिंग और उत्पादित बिजली की निकासी के लिए परियोजना मंदसौर जिले में स्थित 765/400 केवी सब स्टेशन से जुड़ी है। दिसंबर 2026 में टर्बाइनों के पहले सेट का संचालन शुरू होगा और जून 2027 से पूरी परियोजना का वाणिज्यिक संचालन प्रारंभ होगा। निर्माण कार्य में लगभग 4 हजार लोगों को रोजगार मिला है, जबकि संचालन और रखरखाव शुरू होने पर लगभग 200 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |