Since: 23-09-2009
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्यप्रदेश के 9 शहरों को पुरस्कार मिलना प्रदेशवासियों के समर्पण और निरंतर परिश्रम का प्रतीक है। धार्मिक नगरी उज्जैन ने 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। देश के कुल 27 पुरस्कारों में से 9 पुरस्कार मध्यप्रदेश के शहरों को विभिन्न श्रेणियों में मिले हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को उज्जैन के गीता भवन में आयोजित स्वच्छता मित्रों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन कर्मयोगियों की मेहनत का परिणाम है, जो प्रतिदिन बिना किसी अपेक्षा के शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जुटे रहते हैं। मध्यप्रदेश देश का हृदय प्रदेश होने के साथ अब स्वच्छ प्रदेश के रूप में भी पहचाना जाने लगा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता से समृद्धि आती है। सफाई मित्र केवल सफाई का कार्य नहीं करते, वे शहर के स्वास्थ्य, सौंदर्य, आकर्षण और सम्मान की रक्षा भी करते हैं। इस अर्थ में सफाई वीर स्वच्छता के सच्चे प्रहरी हैं। उन्होंने उज्जैन को मिली उपलब्धि के लिए सभी सफाई मित्रों, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उज्जैन के सभी 54 वार्डों में कार्यरत 3 हजार स्वच्छता मित्रों को पुरस्कार स्वरूप 5-5 हजार रुपये की नकद राशि दी जाएगी। सम्मेलन में उन्होंने सफाई मित्रों को मंच से सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से स्वच्छता के बड़े अभियान की शुरुआत की थी। स्वच्छ सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश देश के सबसे स्वच्छ राज्यों में आगे है। मालवांचल क्षेत्र लगातार स्वच्छ शहरों की सूची में अग्रणी बना हुआ है। इंदौर के साथ देपालपुर ने भी स्वच्छता सर्वेक्षण में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया है। देपालपुर पहले पुराने सर्वे में 1700वें स्थान पर था, लेकिन अब नंबर-1 बना है। उज्जैन और देवास को भी अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार मिले हैं। ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और बुधनी नगर ने भी विभिन्न श्रेणियों में नया मुकाम हासिल किया है।
मुख्यमंत्री ने स्वच्छता को जीवन मूल्य बताते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने पांच हजार वर्ष पहले ही स्वच्छता का संदेश दिया था। भोजन कराने से अधिक पुण्य जूठी पत्तल उठाने में माना गया है। यह कार्य पवित्र है। दीपावली भी स्वच्छता का संदेश देती है और महालक्ष्मी के साथ झाड़ू की पूजा की जाती है। प्रकृति और पेड़-पौधे भी स्वच्छता की प्रेरणा देते हैं, जो कार्बन डाइऑक्साइड ग्रहण कर ऑक्सीजन का उत्सर्जन करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी है और यह क्रम आगे भी निरंतर चलता रहेगा। उन्होंने बताया कि उज्जैन में गीले कचरे को प्रोसेस कर बिजली तैयार की जा रही है। स्व-सहायता समूहों की महिलाएं मंदिरों से निकले फूलों और निर्माल्य सामग्री से अगरबत्ती, धूपबत्ती और गुलाल बना रही हैं। सूखे कचरे को ईंधन के रूप में विकसित किया जा रहा है। निर्माण और विध्वंस से निकलने वाले मलबे के प्रबंधन के लिए 75 टन प्रतिदिन क्षमता का वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट बनाया जा रहा है। नए गारबेज ट्रांसफर स्टेशन भी विकसित किए जा रहे हैं।
शहर में घर-घर कचरा संग्रहण के लिए 40 नए सीएनजी वाहन आ चुके हैं और 40 अन्य वाहन जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सफाई कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान प्राथमिकता है। सभी सफाई कर्मियों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि उज्जैन में सभी दिशाओं में विकास के बड़े कार्य हो रहे हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रथम स्थान मिलना बड़ी उपलब्धि है। नगर निगम सभापति कलावती यादव ने कहा कि प्रदेश में सफाई को लेकर जनजागृति बढ़ी है और यह पुरस्कार नागरिकों की जिम्मेदारी भी है कि वे इस गौरव को बनाए रखें।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |