Since: 23-09-2009
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को उज्जैन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देवास के कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में नवनिर्मित सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का वर्चुअल लोकार्पण किया। लगभग 9.44 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह ट्रैक 400 मीटर लंबाई और 8 लेन का है। इसके शुरू होने से देवास जिले की खेल अधोसंरचना को नई मजबूती मिली है और खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध हो गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आधुनिक तकनीक से निर्मित सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक देवास के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा। यह ट्रैक राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी में भी सहायक होगा। खिलाड़ी अब बेहतर परिस्थितियों में अभ्यास कर सकेंगे, जिससे उनके प्रदर्शन में सुधार की संभावना बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ट्रैक का भूमिपूजन 17 नवंबर 2024 को किया गया था और दो वर्ष बाद 17 नवंबर को ही इसका लोकार्पण किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देवास के खिलाड़ी भविष्य में एथलेटिक्स के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर जिले और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
देवास विधायक गायत्री राजे पवार ने इस अवसर को खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि लगभग दो वर्षों में यह आधुनिक ट्रैक बनकर तैयार हुआ है। खिलाड़ियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए ओलंपिक स्तर के स्विमिंग पूल का प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही स्टेडियम में पवेलियन का निर्माण भी जल्द कराया जाएगा।
गायत्री राजे पवार ने कहा कि देवास की पहचान कला और खेल के क्षेत्र में भी है। यहां के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है। हाल ही में जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अनेक पदक अर्जित किए हैं। खिलाड़ी जय मीणा ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देवास को गौरवान्वित किया है। उन्होंने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया।
मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने कहा कि आज का दिन युवा खिलाड़ियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। देवास में 400 मीटर लंबाई के 8 लेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक की सुविधा मिलना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे आने वाले समय में अधिक से अधिक युवा खेलों से जुड़ेंगे और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |