Since: 23-09-2009
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए व्यापक आवास व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचेंगे, ऐसे में उनके ठहरने, भोजन, परिवहन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पहले से पूरी तैयारी करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने होटल व्यवसायियों से आह्वान किया कि वे उज्जैन में नए होटल, रिसॉर्ट और टेन्ट सिटी स्थापित करने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि ऐसे निवेशों को प्रोत्साहित करने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम 30 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराएगा। साथ ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में होम-स्टे की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किफायती और सुविधाजनक आवास मिल सके।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 118 किलोमीटर लंबे पंचकोशी मार्ग पर स्थित सभी पड़ावों को पर्यटक ग्राम घोषित किया जाएगा। इन पड़ावों का चरणबद्ध विकास किया जाएगा, ताकि धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ ग्रामीण पर्यटन को भी बढ़ावा मिले। उज्जैन जिले के बोरेश्वर-दंगवाड़ा, गजनी खेड़ी और रुणीजा सहित अन्य ग्रामों को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा। इन गांवों में स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और पर्यटकों को उज्जैन क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत से परिचित होने का अवसर प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को उज्जैन के एक निजी होटल में उज्जैन और इंदौर के प्रमुख होटल व्यवसायियों से वन-टू-वन परिचर्चा की। इस दौरान उन्होंने व्यवसायियों की समस्याएं सुनीं और उनके प्रश्नों का समाधान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि होटल व्यवसाय से जुड़ी सभी एनओसी और अनुमतियां एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए विशेष सेल का गठन किया जाएगा। इससे सिंगल विंडो प्रणाली विकसित होगी और निवेशकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ का समय निकट है और इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार का विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ के लिए अधोसंरचना विकास के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन 30 से 40 करोड़ श्रद्धालुओं के ठहरने और प्रबंधन की व्यवस्था को लेकर अभी और गंभीरता से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि यह केवल शासन का आयोजन नहीं है, बल्कि इसमें समाज के सभी वर्गों, संस्थाओं और नागरिकों का सहयोग भी आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि उज्जैन में होटल के कमरों की संख्या वर्ष 2016 में जहां 570 थी, वहीं वर्ष 2028 तक यह संख्या बढ़कर लगभग 16,500 तक पहुंच जाएगी। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की अनुमानित संख्या को देखते हुए आवास क्षमता और बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के विजन से उज्जैन में चहुंमुखी विकास हो रहा है। श्रद्धालुओं के स्नान के लिए लगभग 30 किलोमीटर लंबे घाटों का निर्माण किया जा रहा है। सिलार खेड़ी योजना से शिप्रा नदी के जल से सिंहस्थ स्नान की योजना को सफल बनाने में सहायता मिली है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के बाद लोगों को एक नया और विकसित उज्जैन दिखाई देगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद उमेश नाथ जी महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं होटल व्यवसायी उपस्थित रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |