Since: 23-09-2009
नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और मिस्र के निवेश और विदेश व्यापार मंत्री मोहम्मद फरीद सालेह ने सोमवार को मिस्र की नई प्रशासनिक राजधानी में भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार समिति (जेटीसी) के 7वें सत्र की सह-अध्यक्षता की। यह पहली बार है जब इस द्विपक्षीय तंत्र की बैठक मंत्री स्तर पर आयोजित हुई। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार को 12 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य दोहराया। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत-मिस्र व्यापार 35 प्रतिशत बढ़कर 6.5 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया, जबकि अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान यह 65 प्रतिशत बढ़कर 5.04 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया।
बैठक के प्रमुख परिणाम के रूप में दोनों देशों ने वरीयता व्यापार समझौता या मुक्त व्यापार समझौते की शर्तों पर विचार के लिए संयुक्त कार्य समूह गठित करने पर सहमति जताई। इसका उद्देश्य बाजार पहुंच बढ़ाना, व्यापार बाधाओं को दूर करना और निवेश संबंधों को बढ़ावा देना है।
पीयूष गोयल ने फार्मास्यूटिकल्स और स्वास्थ्य सेवा, इंजीनियरिंग और ऑटोमोबाइल, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण, डिजिटल और फिनटेक तथा संस्कृति और संग्रहालय क्षेत्र को सहयोग के पांच प्रमुख क्षेत्र बताया। उन्होंने यूपीआई संपर्क और स्थानीय मुद्रा में व्यापार की संभावनाओं पर भी जोर दिया।
बैठक से पहले आयोजित भारत-मिस्र बिजनेस फोरम में दोनों देशों की 300 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया। इसमें संयुक्त विनिर्माण, निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने पर चर्चा हुई। जेटीसी की अगली बैठक वर्ष 2028 में नई दिल्ली में होगी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |