Since: 23-09-2009
नई दिल्ली। भारत और थाईलैंड की संयुक्त व्यापार समिति (जेटीसी) की 14वीं बैठक सोमवार को थाईलैंड के नोंथाबुरी में आयोजित हुई। बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के वाणिज्य विभाग के अपर सचिव नितिन कुमार यादव और थाईलैंड के व्यापार वार्ता विभाग की महानिदेशक चोतिमा इम्सावास्दिकुल ने की।
दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार में दर्ज वृद्धि पर संतोष जताया। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत और थाईलैंड के बीच व्यापार 12.6 प्रतिशत बढ़कर 21.49 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। आसियान के साथ भारत के कुल व्यापार में थाईलैंड की हिस्सेदारी 16.7 प्रतिशत रही।
भारत ने बुनियादी ढांचे और लॉजिस्टिक्स, ऑटोमोटिव और इलेक्ट्रिक वाहन, खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर तथा पर्यटन और स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश के अवसर रेखांकित किए। थाईलैंड ने अपना सह-सृजन, सह-निवेश दृष्टिकोण प्रस्तुत किया।
बैठक में आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते (AITIGA) की समीक्षा को शीघ्र पूरा करने और उसका बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बाजार पहुंच, स्वच्छता एवं पादप स्वच्छता उपायों और गैर-टैरिफ बाधाओं को दूर करने पर भी चर्चा हुई।
दोनों देशों ने भारत के यूपीआई को थाईलैंड के प्रॉम्प्टपे से जोड़ने, स्थानीय मुद्रा में व्यापार निपटान और वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक) क्षेत्र में सहयोग पर विचार किया। जेटीसी की अगली बैठक भारत में होगी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |