Since: 23-09-2009
कटक। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को कटक स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय में आइकॉनिक टॉवर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और विश्वविद्यालय के संस्थापक श्री श्री रविशंकर मौजूद रहे।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह टॉवर केवल एक इमारत नहीं है, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक शैक्षिक आकांक्षाओं के संगम का प्रतीक है। यह ज्ञान की मजबूत नींव से आत्मबोध और आध्यात्मिक ज्ञान तक की मानवीय यात्रा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि श्री श्री विश्वविद्यालय की स्थापना इस सोच के साथ हुई कि शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित न रहे, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, चेतना और करुणा का विकास करे। आज के समय में यह दृष्टिकोण और अधिक प्रासंगिक है।
पिछले बारह वर्षों में उच्च शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए राधाकृष्णन ने बताया कि विश्वविद्यालयों की संख्या 760 से बढ़कर 1400 से अधिक हो गई है। आईआईटी 16 से बढ़कर 23, आईआईएम 13 से बढ़कर 22 और एम्स 7 से बढ़कर 20 हो गए हैं। विद्यार्थियों का नामांकन भी 3.42 करोड़ से बढ़कर 4.50 करोड़ से अधिक पहुंच गया है।
उपराष्ट्रपति ने ओडिशा के विश्वविद्यालयों से जनजातीय विद्यार्थियों के लिए स्कूल कनेक्ट कार्यक्रम शुरू करने को कहा, ताकि उनकी पढ़ाई बीच में न छूटे। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |