Since: 23-09-2009
बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास साहस, स्वाभिमान, संघर्ष और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा का इतिहास है। देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों के लिए जनजातीय नायकों ने जो त्याग और बलिदान दिया है, वह हमारी अमूल्य धरोहर है।
मुख्यमंत्री साय सोमवार को बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत का संरक्षण और सर्वांगीण विकास राज्य सरकार का संकल्प है। हमें महान जननायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना है तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी है।
मुख्यमंत्री ने सभी को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई देते हुए धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय नायकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका और जनजातीय समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं तथा अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित किया।
साय ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए जनजातीय समाज ने 1857 की क्रांति से पहले ही संघर्ष शुरू कर दिया था। छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय भूख से व्याकुल लोगों की सहायता की और अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध आवाज उठाई। ऐसे महान जननायकों का संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय अंचलों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
शिक्षा को सामाजिक और आर्थिक विकास का मूलमंत्र बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों और छात्रावास सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से जनजातीय विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
समारोह में जनजातीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने जनजातीय जननायकों पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |