Since: 23-09-2009
भोपाल। आयुक्त संकेत भोंडवे ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को आगामी ग्रीष्मकाल से पहले पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को जुलाई 2027 तक पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना नगरीय निकायों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वीसी के माध्यम से आयोजित बैठक में आयुक्त ने कहा कि उपलब्ध जल स्रोतों की स्थिति, जल की मात्रा और आपूर्ति की अवधि का आकलन कर व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि किसी भी शहर में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।
आयुक्त ने क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइनों की तत्काल मरम्मत, सार्वजनिक नलों में टोंटी और हैंडपंपों की मरम्मत के निर्देश दिए। इससे पानी का अनावश्यक अपव्यय रोका जा सकेगा। उन्होंने बांध, जलाशय और नदियों जैसे सतही जल स्रोतों का प्राथमिकता से उपयोग सुनिश्चित करने को भी कहा।
जिन क्षेत्रों में मौजूदा जल स्रोतों में पानी कम होने की संभावना है, वहां गर्मी के मौसम में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक जल स्रोतों की अभी से पहचान की जाए। आवश्यकता होने पर निजी जल स्रोतों के अधिग्रहण की कार्रवाई जिला कलेक्टर के माध्यम से समय रहते पूरी की जाए। जल संकट की स्थिति में निकाय के अपने या अधिग्रहित जल स्रोतों से पानी के परिवहन के लिए निकाय के टैंकरों का ही उपयोग किया जाए।
आयुक्त ने जिन नगरीय निकायों में जलप्रदाय योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां जल वितरण की प्रभावी निगरानी के लिए स्काडा प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए। उपलब्ध जल के सुव्यवस्थित वितरण के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने, जलप्रदाय व्यवस्था से संबंधित मशीनरी को कार्यशील रखने और आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा। जलप्रदाय व्यवस्था में सुधार के लिए छोटे लंबित कार्यों को भी तत्काल पूर्ण कराया जाए।
सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी जलप्रदाय व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तैयार कार्ययोजना और आवश्यक जानकारी 10 दिन में संभागीय स्तर पर संबंधित अधिकारी को उपलब्ध कराएं।
जल संरक्षण पर आयुक्त ने कहा कि यह केवल नगरीय निकायों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व भी है। पानी की हर बूंद बचाने की शुरुआत घर से होनी चाहिए। नागरिक पानी का उपयोग आवश्यकता के अनुसार करें, नल खुला न छोड़ें, लीकेज तुरंत ठीक कराएं और वर्षा जल संचयन को अपनाएं।
नगरीय निकायों को वार्ड स्तर पर नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्कूलों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल संरक्षण केवल अभियान न रहकर नागरिकों की जीवनशैली और सामूहिक संकल्प बने।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि पेयजल जैसी बुनियादी नागरिक सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी नगरीय निकाय समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि आगामी ग्रीष्मकाल में नागरिकों को पर्याप्त और सुचारू पेयजल उपलब्ध हो सके।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |