Since: 23-09-2009
ओरछा। जिला प्रशासन ने श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का ताला तोड़े जाने और बिना प्रक्रिया के खजाना खोले जाने संबंधी खबरों का खंडन किया है। प्रशासन ने कहा कि यह समाचार पूर्णतः भ्रामक और तथ्यहीन हैं। वस्तुस्थिति यह है कि खजाने के कक्ष का प्रारंभिक निरीक्षण विधिवत प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया। इस दौरान ताले को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया और न ही किसी प्रकार का अनधिकृत हस्तक्षेप किया गया। खजाने का ताला पूर्ववत सुरक्षित है और खजाने में रखी किसी भी सामग्री से छेड़छाड़ नहीं की गई है।
मंदिर के खजाने का अंतिम सत्यापन वर्ष 2017 में हुआ था। 2017 तक की सामग्री डबल लॉक में सुरक्षित रखी गई है। इसके बाद श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित नई सामग्री और बहुमूल्य वस्तुओं का रिकॉर्ड तैयार कर सत्यापन और पंजीयन किया जाना था। इसी उद्देश्य से यह नियमित प्रक्रिया शुरू की गई है, ताकि मंदिर की संपत्ति का संरक्षण हो, नया रिकॉर्ड बने और व्यवस्था में पारदर्शिता रहे।
कलेक्टर और मंदिर प्रबंधन समिति की अध्यक्ष जमुना भिंडे ने सत्यापन के लिए छह सदस्यीय जांच दल गठित किया है। समिति ने बैठक के बाद खजाने के कक्ष का प्रारंभिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य आगामी सत्यापन के लिए व्यवस्थाओं, अधिकारियों कर्मचारियों की उपलब्धता और कार्ययोजना का आकलन करना था।
पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी की गई और विधिवत पंचनामा तैयार किया गया। यह प्रक्रिया प्रधान पुजारी रामाकांत दीक्षित के समक्ष संपन्न हुई। तहसीलदार ओरछा भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के बाद कक्ष को बंद कर ताला पूर्ववत सुरक्षित रखा गया।
वर्तमान में ओरछा में श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण मंदिर की नियमित व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। खजाने का विस्तृत सत्यापन अनुकूल समय पर जांच दल के माध्यम से कराया जाएगा।
मंदिर की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता के लिए डिजिटल पहल भी शुरू की गई है। क्यूआर कोड और बारकोड के माध्यम से गूगल पे, फोनपे से भुगतान की व्यवस्था है। राजभोग, प्रसाद और पोशाक की रसीद व बुकिंग ऑनलाइन उपलब्ध है। चढ़ोतरी और दान भी डिजिटल भुगतान से जोड़ा गया है।
मंदिर के भुगतान पहले से ऑनलाइन हैं। अब आय व्यय और अन्य अभिलेखों के कंप्यूटरीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि हर प्राप्ति और लेनदेन का प्रमाणिक रिकॉर्ड रहे और सत्यापन अधिक पारदर्शी व जवाबदेह हो सके।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |