Since: 23-09-2009
इंदौर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को इंदौर में श्रीमद् विजय नित्यसेनसूरीश्वरजी महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी कार्यों और जनसेवा के दायित्वों का निर्वहन करते हुए संतों का सानिध्य संबल और प्रेरणा प्रदान करता है। जीवन और शासन के कार्यों में संतों का आशीर्वाद निरंतर सद्कार्य करने की शक्ति देता है।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद संत समाज के आशीर्वाद से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सामाजिक अनुशासन और जनहित को ध्यान में रखते हुए खुले में मांस विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है और खाद्य सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया गया है। सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता, मर्यादा और सामाजिक व्यवस्था बनाए रखना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गौपालन, प्राकृतिक खेती और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए गीता भवन जैसे संस्थानों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की विशेषता सर्वधर्म सद्भाव की भावना है। दुनिया के कई देश एक धर्म की विचारधारा के आधार पर चलते हैं, जबकि भारत सभी धर्मों, विचारों और परंपराओं का सम्मान करता है। विभिन्न विचारधाराओं से निकलने वाले अमृतमय विचारों को आत्मसात करना ही भारतीय संस्कृति की पहचान है।
उन्होंने महाराज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद प्रदेश सरकार को निरंतर मिलता रहे, ताकि जनकल्याण और समाजहित के कार्यों को और गति से आगे बढ़ाया जा सके।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |