Since: 23-09-2009
भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने सोमवार को जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर के 62वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और उपाधियां प्रदान कीं। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जीवन की वास्तविक चुनौतियों का प्रभावी समाधान खोजने के लिए व्यावहारिक अनुभव, तकनीकी दक्षता और नवाचार की क्षमता भी आवश्यक है।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालयों का दायित्व है कि वे शिक्षा और रोजगार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए ठोस प्रयास करें। शिक्षा समग्र, गुणवत्तापूर्ण और रोजगार आधारित होने के साथ वर्तमान संदर्भों में प्रासंगिक होनी चाहिए। विद्यार्थियों को वर्तमान की जरूरतों के अनुरूप सक्षम बनाने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर जोर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प भारत को बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के साथ हर नागरिक के सम्मान और समृद्धि से जुड़ा है। विद्यार्थी अपने कर्म, चरित्र और नवाचार से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में योगदान दें।
राज्यपाल पटेल ने विद्यार्थियों से कहा कि सरल और सफल जीवन के लिए शिक्षा और संस्कार उनके आचरण में दिखने चाहिए। व्यक्तिगत प्रगति के साथ माता पिता, परिवार, गुरुजन, समाज और देश के कल्याण के लिए भी कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मशीनें काम को सरल बना सकती हैं, लेकिन मानवीय संवेदना, विवेक और नैतिकता का स्थान कभी नहीं ले सकतीं।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता के साथ संवाद की कला, टीम भावना, समझदारी और कठिन समय में सही निर्णय लेने के गुणों का विकास करें।
समारोह में मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि विद्यार्थी शिक्षा का उपयोग समाज और राष्ट्र के समावेशी विकास में करें। जिस भी क्षेत्र या व्यवसाय में जाएं, वहां नैतिकता और मानवता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा और दांडिक न्याय विश्वविद्यालय जोधपुर के कुलपति आलोक त्रिपाठी ने कहा कि चरित्र ही सबसे बड़ी उपाधि है। संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलपति दिवाकर सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों को दीक्षांत उपदेश दिया। स्वर्ण पदक और उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा के सदुपयोग की प्रतिज्ञा भी दिलाई गई।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |