Since: 23-09-2009
भोपाल। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रविवार को धार जिले के डही में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से, राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उपस्थित रहकर कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का नक्सलवाद से मुक्त होना बड़ी उपलब्धि है। भारत अपने इतिहास, विरासत और जननायकों को स्वदेशी स्वाभिमान के साथ याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर 2021 से मनाया जा रहा राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस अब राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। इस साल बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर देशभर में 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि जनजातीय समाज का सर्वांगीण विकास सरकार की विशेष प्राथमिकता है। जनजातियों के सशक्तिकरण के लिए प्रदेश में अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में 1353.18 करोड़ रुपये की डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया गया। इस परियोजना से धार और आलीराजपुर जिले के 126 गांवों में 47 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी और करीब एक लाख किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। धार जिलेवासियों को 1570 करोड़ रुपये के 115 विकास कार्यों की सौगात भी दी गई। विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए और प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित किया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के अत्याचार, धर्मांतरण और जनजातीय समाज की जमीनों पर कब्जे के खिलाफ संघर्ष किया। अपनी संस्कृति पर स्वाभिमान और देश पर गौरव करना उनसे सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की पहल से हजारों किसानों और जनजातीय परिवारों को पानी की बड़ी सौगात मिली है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |