Since: 23-09-2009
भोपाल।भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश में 14 से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम 15 नवंबर को धार जिले के डही में होगा।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल होंगे। इस अवसर पर डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण भी किया जाएगा।
समारोह भगवान बिरसा मुंडा के त्याग, संघर्ष, साहस और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद करने के साथ जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत को समर्पित है। 15 नवंबर को डही के साथ आलीराजपुर जिले के जोबट में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव धार पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री धार में रोड शो भी करेंगे। इस दौरान वह ग्रामीणों से सीधे संवाद कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और हितग्राहियों को मिल रहे लाभों पर फीडबैक लेंगे।
मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना से धार और आलीराजपुर जिले के किसानों को सिंचाई के लिए नर्मदा का जल मिलेगा। इससे क्षेत्र में कृषि गतिविधियों का विस्तार होगा और सिंचाई की जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री धार जिले में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत पात्र पट्टेधारियों के भूखंड और मकानों की रजिस्ट्री अपने समक्ष कराएंगे। साथ ही जिले के लोगों को करोड़ों रुपये की लागत के विकास कार्यों की सौगात भी दी जाएगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह और अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
तीन दिवसीय समारोह के तहत 16 नवंबर को खंडवा जिले और शहडोल जिले के ब्यौहारी में भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम होंगे। इन आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज की परंपराओं, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान और जनजातीय अंचलों में विकास व जनकल्याण की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |