Since: 23-09-2009
जबलपुर/भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि संगमरमर की नगरी जबलपुर अब देश में स्वच्छता के लिए भी जानी जाएगी और जबलपुर से दूसरे शहरों को स्वच्छता की सीख मिलेगी। स्वच्छताकर्मियों के परिश्रम से ही मध्यप्रदेश को यह उपलब्धि मिली है। मोहन यादव शनिवार को जबलपुर के मानस भवन में आयोजित "सफाई मित्र सम्मान" समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण-2025-26 में जबलपुर को देश में दूसरा स्थान मिलने पर स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने सफाई मित्रों पर पुष्प-वर्षा कर स्वागत किया और स्वच्छ समाज के निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में दीपावली से पहले स्वच्छता को विशेष महत्व दिया गया है। दीपावली पर मां लक्ष्मी के साथ सफाई की प्रतीक झाड़ू का भी पूजन किया जाता है। शीतला माता को स्वच्छता की देवी माना जाता है। देवी-देवता भी समाज को स्वच्छता के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने जबलपुर के नागरिकों और सफाई मित्रों को बधाई देते हुए कहा कि जबलपुर को देश का दूसरा स्वच्छ शहर बनाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का विशेष सहयोग रहा है। अब सभी को मिलकर जबलपुर को देश का नंबर-1 शहर बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग श्रेणियों में ग्वालियर, उज्जैन, रीवा, देपालपुर, बुधनी, सागर, देवास सहित मध्यप्रदेश के शहरों को 27 में से 9 पुरस्कार मिले हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर ने स्वच्छता सर्वेक्षण के प्रत्येक पैरामीटर में पहचान बनाई है। जबलपुर नगर निगम को 182 सीएनजी व्हीकल मिलेंगे। गार्बेज कलेक्शन स्टेशन और इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना के लिए 75 करोड़ रुपये की राशि राज्य और केंद्र सरकार देगी।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत का संकल्प लिया है और देशभर में स्वच्छता के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा शुरू की है। सफाई मित्रों की सुरक्षा के लिए नमस्ते योजना शुरू की गई है, जिसमें सुरक्षा उपकरण और स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाएं दी गई हैं। सफाईकर्मियों को आयुष्मान योजना का लाभ भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सभी सफाईकर्मियों से आयुष्मान कार्ड बनवाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर पर मां नर्मदा की विशेष कृपा है। राज्य सरकार ने जबलपुर-भोपाल-इंदौर इकोनॉमिक कॉरिडोर की योजना बनाई है। आरजीपीवी के तीन हिस्सों में एक विश्वविद्यालय जबलपुर में भी स्थापित होगा। महाकौशल क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। आने वाला समय जबलपुर का होगा और महाकौशल क्षेत्र को कई बड़ी सौगातें मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती है। राज्य सरकार जनजातीय नायकों को सम्मान देते हुए कार्यक्रम आयोजित कर रही है। बिरसा मुंडा के जयंती सप्ताह की प्रदेश में आज से शुरुआत हो रही है। रानी दुर्गावती और राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह की नगरी जबलपुर में पहला कार्यक्रम हो रहा है।
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में जबलपुर को देश में दूसरा स्थान मिला है। कोरोना के समय सफाई मित्रों ने सैनिकों के समान कार्य किया। स्वच्छता कर्मियों की बदौलत ही जबलपुर और ग्वालियर को पुरस्कार मिले हैं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |