Since: 23-09-2009
बेंगलुरु। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि योग आज विश्व में भारत की विशिष्ट पहचान बन चुका है। योग ने पूरी दुनिया को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तित्व विकास तथा आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। योग सिर्फ व्यायाम नहीं, शरीर, मन और आत्मा को जोड़कर जीवन को संतुलित और निरोगी बनाने की पद्धति है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को बेंगलुरु स्थित स्वामी विवेकानंद योग विश्वविद्यालय में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। एस-व्यासा सोसायटी द्वारा संचालित इस विश्वविद्यालय के संचालकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश को विकास के साथ-साथ संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने विश्वविद्यालय के संचालकों को मध्यप्रदेश में अपना कैम्पस स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि योग, प्राकृतिक चिकित्सा, अनुसंधान और प्रशिक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश और प्रशांति कुटीरम के बीच सहयोग के नए रास्ते खुलने चाहिए, ताकि युवाओं को योग का वैज्ञानिक प्रशिक्षण मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में आयुर्वेदिक शिक्षा को बढ़ावा दे रही है और युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, नौकरी देने वाला बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने पद्मश्री डॉ. एच. आर. नागेंद्र और डॉ. आर. नागरत्ना के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महापुरुषों के प्रयासों से प्रशांति कुटीरम आज असाध्य रोगों के निवारण और समग्र स्वास्थ्य का वैश्विक केंद्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा मिली है। नेचुरोपैथी, आयुर्वेद, फिजियोथैरेपी और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों का उद्देश्य केवल बीमारी का उपचार करना नहीं, बल्कि व्यक्ति को स्वस्थ जीवनशैली और समग्र स्वास्थ्य उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में पिछले दो वर्षों में नौ नए आयुर्वेदिक महाविद्यालय खोलने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश में अश्वगंधा, सफेद मूसली और तुलसी जैसी औषधीय फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। मंदसौर और नीमच जैसे क्षेत्रों से औषधीय उत्पादों की आपूर्ति पूरे देश में हो रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार गौपालन और प्राकृतिक खेती को भी प्रोत्साहित कर रही है। प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को एक गाय के पालन-पोषण का पूरा खर्च सरकार उपलब्ध करा रही है। मध्यप्रदेश वर्तमान में दूध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है और सरकार का लक्ष्य इसे पहले स्थान पर ले जाना है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |