Since: 23-09-2009
रायपुर/जगदलपुर, 23 अक्टूबर।* राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जगदलपुर में विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा उत्सव में शामिल हुईं। उन्होंने बस्तर दशहरा को छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक गौरव, सामाजिक समरसता और जनजातीय विरासत का जीवंत प्रतीक बताया।
राष्ट्रपति ने कहा कि लगभग 75 दिनों तक चलने वाला यह उत्सव विभिन्न समुदायों को एक सूत्र में बांधता है। रथ निर्माण से लेकर रथ खींचने और पूजा तक हर समुदाय अपनी पारंपरिक जिम्मेदारी निभाता है, जो सामाजिक एकता का उदाहरण है।
*मुरिया दरबार लोकतंत्र का उत्कृष्ट उदाहरण*
राष्ट्रपति ने मुरिया दरबार को जमीनी लोकतंत्र का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। इसमें विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि जनसमस्याओं पर विचार-विमर्श कर समाधान निकालते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परंपराएं लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करती हैं।
उन्होंने बताया कि दो माह पहले राष्ट्रपति भवन में बस्तर पंडुम के विजेताओं और मांझी-चालकियों से उनकी मुलाकात हुई थी। बस्तर पंडुम जैसे आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं।
*नक्सलवाद से मुक्त होकर प्रगति पर बस्तर*
राष्ट्रपति ने कहा कि बस्तर नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास के रास्ते पर बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने बस्तर ओलंपिक में युवाओं की भागीदारी को भी सराहा। उन्होंने कहा कि दंडकारण्य का संबंध रामायण से है और जनजातीय समाज की प्रकृति पूजा परंपरा सराहनीय है।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि बस्तर दशहरा समाज को साथ लेकर चलने की सीख देता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रपति का बस्तर से गहरा जुड़ाव है और इस बार का दशहरा इसलिए खास है क्योंकि बस्तर माओवाद से मुक्त होकर नवनिर्माण की ओर बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नियद नेल्लानार योजना से दूरस्थ क्षेत्रों में योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं। रायपुर-रावघाट रेल सेवा शुरू हुई है, रावघाट-जगदलपुर लाइन पर काम जारी है। जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और गीदम में मेडिकल कॉलेज शुरू हुआ है।
*मांझी-चालकियों का मानदेय बढ़ा*
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि सरकार ने मांझियों का मासिक मानदेय 2000 से बढ़ाकर 5000 रुपये और चालकियों का 1500 से बढ़ाकर 3500 रुपये कर दिया है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप, रामविचार नेताम, सांसद महेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |