Since: 23-09-2009
मुंबई-गोवा हाईवे के निर्माण में लगातार हो रही देरी पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नाराजगी जताई है। पणजी में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय बाद भी परियोजना पूरी नहीं हो पाना शर्मिंदगी की बात है। उन्होंने बताया कि हाईवे का काम तय समय के मुताबिक 2016 तक पूरा होना था, लेकिन अब तक करीब 94 फीसदी काम ही पूरा हो सका है। गडकरी ने यह भी कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में वह शामिल नहीं होंगे।
मुंबई-गोवा हाईवे के चौड़ीकरण का काम 2011 में शुरू हुआ था, लेकिन जमीन अधिग्रहण, जरूरी मंजूरियों और ठेकेदारों से जुड़ी परेशानियों के कारण परियोजना में लगातार देरी होती रही। करीब 440 किलोमीटर लंबे हिस्से में काम पूरा होने के बावजूद कई जगह सड़क की स्थिति, जलभराव, मरम्मत और ट्रैफिक जैसी समस्याएं सामने आती रही हैं। मई में खारपाड़ा टोल प्लाजा पर टोल वसूली शुरू हो चुकी है, लेकिन परियोजना के कुछ हिस्सों में निर्माण और सुधार का काम अभी भी जारी है।
गडकरी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और ठेकेदारों की जवाबदेही को लेकर भी सख्त रुख दिखाया। उनके मुताबिक पिछले तीन वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में खराब गुणवत्ता के मामलों को लेकर 103 ठेकेदारों और कंपनियों को ब्लैकलिस्ट किया गया है और उन पर कार्रवाई भी हुई है। मुंबई-गोवा हाईवे महाराष्ट्र को कोंकण क्षेत्र के रास्ते गोवा से जोड़ता है और पर्यटन के साथ स्थानीय कारोबार के लिए भी महत्वपूर्ण है। परियोजना में देरी के बीच सरकार पर इसे जल्द पूरा करने का दबाव बना हुआ है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |