Since: 23-09-2009
केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि-किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 11 सितंबर को छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के दौरे पर रहेंगे। ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत बनाए गए 2 लाख नए घरों के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया जाएगा और उन्हें आवास की चाबी सौंपी जाएगी। कार्यक्रम में 122 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं और योजनाओं को मजबूत करने से जुड़े कई नए प्रयासों की शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन और सेल्फ जियो-टैग रिपोर्ट सिस्टम लॉन्च किया जाएगा, जिससे आवास निर्माण की निगरानी में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा धार अपार अभियान और सुघ्घर बाड़ी अभियान की शुरुआत होगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर भी शुरू किए जाएंगे।
ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए ‘आजीविका से उद्यमिता की ओर’ चैलेंज फंड कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा। बेहतर काम करने वाली रानी मिस्त्री, लखपति दीदी और ड्रोन दीदियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही पंचायत और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली राज्य की पांच पंचायतों के प्रतिनिधियों को भी सम्मान मिलेगा। आयोजन के जरिए ग्रामीण विकास, आवास, आजीविका और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |