Since: 23-09-2009
रायपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल में रेडियो डायग्नोसिस विभाग की DSA मशीन पिछले साल नवंबर से बंद है। मशीन की निर्धारित लाइफ पूरी होने के बाद इसे दोबारा चालू नहीं किया जा सका। इस मशीन से ब्रेन और रक्त वाहिकाओं से जुड़ी गंभीर बीमारियों का कम चीरा लगाकर इलाज किया जाता था। मशीन बंद होने से हर महीने करीब 75 से 80 मरीज प्रभावित हो रहे हैं। फिलहाल जरूरी मामलों का उपचार कैथलैब में किया जा रहा है, जबकि कई मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
यह मशीन वर्ष 2009 में करीब 3.95 करोड़ रुपए की लागत से लगाई गई थी। इसमें चिलर खराब होने के बाद सप्लायर कंपनी ने मेंटेनेंस से इनकार कर दिया, क्योंकि मशीन की लाइफ पूरी हो चुकी थी और कंपनी इसे करीब दो साल पहले ही कंडम घोषित कर चुकी थी। अस्पताल प्रबंधन ने नई DSA मशीन खरीदने का प्रस्ताव चिकित्सा शिक्षा विभाग को भेजा है, लेकिन अभी बजट मिलने और टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की स्थिति स्पष्ट नहीं है। नई मशीन लगने से गंभीर मरीजों को सरकारी अस्पताल में ही आधुनिक उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |