Since: 23-09-2009
रायपुर और नागपुर आरपीएफ क्राइम ब्रांच की टीम ने डीआरआई अधिकारियों के साथ मिलकर हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 2 करोड़ रुपए का सोना जब्त किया है। ट्रेन के बी-12 कोच में तलाशी के दौरान 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई, जिनका कुल वजन 1.242 किलो बताया गया है। टीम ने इस मामले में महाराष्ट्र के सुरेश कुमार और धैर्यशील को गिरफ्तार किया है। दोनों सोने को जूते और जेब में छिपाकर हावड़ा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे। भंडारा-नागपुर के बीच दोनों को पकड़कर पूछताछ की गई।
आरपीएफ को पहले ही ट्रेन में सोना ले जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद रायपुर से नागपुर के बीच संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया। प्रारंभिक जांच में जब्त सोने को विदेशी बताया गया है और आशंका है कि इसे महाराष्ट्र में किसी ज्वेलर या कंपनी को पहुंचाया जाना था। दोनों आरोपियों और सोने को आगे की जांच के लिए नागपुर डीआरआई को सौंप दिया गया है। डीआरआई ने कस्टम एक्ट, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर सोने के स्रोत और संभावित तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |