Since: 23-09-2009
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार तड़के भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का आकर्षक श्रृंगार किया गया। सुबह करीब 3 बजे मंदिर के पट खुलने के बाद पंडे-पुजारियों ने गर्भगृह में विराजमान देव प्रतिमाओं का पूजन किया। भगवान महाकाल का जलाभिषेक करने के बाद दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद बाबा महाकाल को रजत चंद्र, भांग, चंदन और गुलाब के फूलों की माला अर्पित की गई। रजत मुकुट और त्रिपुंड धारण कराकर उनका दिव्य स्वरूप सजाया गया।
भस्म अर्पित करने के बाद भगवान महाकाल का भांग, ड्रायफ्रूट, आभूषण और सुगंधित फूलों से राजा स्वरूप में श्रृंगार किया गया। उन्हें शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और फूलों की माला अर्पित की गई। आरती के दौरान फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई, जिसके बाद मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |