Since: 23-09-2009
राजधानी भोपाल में बीते तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने शहर की बुनियादी संरचना और सड़क निर्माण की गुणवत्ता की पोल खोलकर रख दी है। शहर की प्रमुख सड़कों से लेकर अंदरूनी इलाकों तक डामर उखड़ चुका है और बड़े-बड़े गड्ढे बनने से गिट्टियां बाहर निकल आई हैं। करीब 154 करोड़ रुपये की लागत से बने डॉ. अंबेडकर (जीजी) फ्लाईओवर की ऊपरी परत उखड़ने के कारण अंदर के सरिए तक नजर आने लगे हैं। इसके अलावा 40 करोड़ रुपये की लागत वाले अटल पथ, लिंक रोड नंबर-2, न्यू मार्केट और एमपी नगर में मेट्रो स्टेशन के आसपास की सड़कें जर्जर स्थिति में पहुंच गई हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
सड़कों की इस दयनीय स्थिति पर अब सियासत भी गरमा गई है। मुख्य मार्गों के साथ-साथ अशोका गार्डन, सेमरा, अयोध्या बायपास, ऐशबाग और आनंद नगर जैसे रिहाइशी इलाकों की सड़कें भी बारिश में बह गई हैं। शहर की बदहाली को लेकर कांग्रेस ने सड़क निर्माण और उनके रखरखाव में हुए भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। जगह-जगह उखड़ी गिट्टियों और जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि नगर निगम व संबंधित विभागों के मेंटेनेंस के दावों की हवा निकल चुकी है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |