Since: 23-09-2009
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के खतरे के चलते शनिवार को जम्मू से अमरनाथ यात्रा रोक दी गई। मौसम विभाग ने 11 अगस्त तक जम्मू क्षेत्र में तेज बारिश, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई है। दिल्ली-NCR में भी बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। दिल्ली-गुरुग्राम हाईवे समेत कई प्रमुख सड़कों पर चार फीट तक पानी भर गया, जिससे गाड़ियां फंस गईं और कई इलाकों में लंबा जाम लग गया। दिल्ली के लिए शनिवार को रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश में 162 सड़कें बंद हैं, जबकि उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है।
बिहार में नेपाल से आ रहे पानी के कारण नदियां उफान पर हैं। बगहा में गंडक नदी का पानी करीब 300 घरों में घुस गया है, जबकि मुजफ्फरपुर में बागमती नदी के बढ़ते जलस्तर से कई गांव प्रभावित हैं। असम में बाढ़ से अब तक 98 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 1.55 लाख लोग प्रभावित हैं। उत्तर प्रदेश में भी लगातार बारिश से गंगा-सरयू समेत कई नदियां उफान पर हैं। काशी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 84 घाटों का संपर्क टूट गया है, वहीं फर्रुखाबाद में कटान के चलते 8 घर नदी में समा चुके हैं। मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड और बिहार समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |