भोपाल में ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक आज, विरासत और रचनात्मक अर्थव्यवस्था पर होगा मंथन
भोपाल में शनिवार को ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों की अहम बैठक आयोजित होगी। इसमें सांस्कृतिक विरासत, संग्रहालय, रचनात्मक अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक के अंत में ‘ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की घोषणा’ को अपनाया जाएगा, जिसमें सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत करने के लिए साझा दृष्टिकोण और भविष्य का रोडमैप तय किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विदेशी मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडलों के लिए लंच का आयोजन करेंगे, जिसमें मध्यप्रदेश के पारंपरिक व्यंजन भी परोसे जाएंगे।
बैठक के बाद विदेशी मंत्री और प्रतिनिधिमंडल सांची जाएंगे, जहां वे ‘बुद्ध जंबूदीप’ और विश्व प्रसिद्ध सांची स्तूप का विशेष गाइडेड टूर करेंगे। प्रतिनिधि चेतियागिरी मंदिर में दर्शन के साथ योग और ध्यान सत्र में भी शामिल होंगे। शाम को बौद्ध इतिहास और कला पर आधारित 3D प्रोजेक्शन मैपिंग तथा लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया जाएगा। वहीं, इच्छुक विदेशी प्रतिनिधियों के लिए आगे की रवानगी से पहले यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल भीमबेटका के भ्रमण की भी व्यवस्था की गई है।