Since: 23-09-2009
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से अलकनंदा, मंदाकिनी और भागीरथी समेत छह नदियां खतरे के निशान के आसपास बह रही हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश में घाट-मंदिर जलमग्न हैं, जबकि रुद्रप्रयाग में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। राज्य में 132 सड़कें और बद्रीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री नेशनल हाईवे बंद हैं। यूपी में भी बाढ़ से हालात बिगड़ गए हैं। फर्रुखाबाद के 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में पानी भर गया है, जबकि बलिया में सरयू नदी में एक हफ्ते में 27 घर समा चुके हैं। दिल्ली-NCR में तेज बारिश से जलभराव और जाम की स्थिति बनी रही। द्वारका सेक्टर-25 में एक युवक खुले नाले में बह गया, जिसकी तलाश में सात घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
असम में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य में दो और लोगों की मौत के बाद बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 97 हो गई है। 15 जिलों में 1.68 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। गोलाघाट, शिवसागर और जोरहाट सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के कारण लोगों की मुश्किलें बनी हुई हैं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |