Since: 23-09-2009
देशभर में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। उत्तर प्रदेश में गंगा और सरयू नदियों के उफान पर होने से कई इलाके जलमग्न हैं। फर्रुखाबाद के 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में बाढ़ का पानी घुस गया है, जबकि बलिया में एक सप्ताह में 27 घर नदी में समा चुके हैं। वाराणसी में गंगा का पानी कई छोटे मंदिरों तक पहुंच गया है। प्रतापगढ़ में लगातार बारिश के बीच 100 साल पुराना मकान ढहने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई।
उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पौड़ी गढ़वाल में 12वीं तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। रुद्रप्रयाग में केदारनाथ हाईवे और चमोली में बद्रीनाथ हाईवे भूस्खलन के कारण प्रभावित हुए हैं। वहीं, असम में बाढ़ से हालात गंभीर बने हुए हैं, जहां इस मानसून में अब तक 95 लोगों की मौत हो चुकी है और 14 जिलों में हाई अलर्ट जारी है। दूसरी ओर, दिल्ली में सुबह हुई झमाझम बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। मौसम विभाग ने राजधानी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए दिनभर मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |