MY अस्पताल के फार्मासिस्ट के घर EOW का छापा, आय से 108% अधिक संपत्ति का मामला
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने इंदौर के Maharaja Yeshwantrao Hospital (MYH) में पदस्थ फार्मासिस्ट राकेश गोरखे के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की। प्रारंभिक जांच में आरोप है कि सरकारी दवाओं के स्टॉक में कथित गड़बड़ी के जरिए उन्होंने अपनी वैध आय से 108 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उन्होंने विभागीय अनुमति के बिना थाईलैंड की यात्रा की थी। सुबह से दोपहर तक चली कार्रवाई में ईओडब्ल्यू ने करीब 1 लाख रुपये नकद, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जब्त किए।
ईओडब्ल्यू के अनुसार राकेश गोरखे की नियुक्ति वर्ष 2007 में फार्मासिस्ट के रूप में हुई थी। जांच अवधि के दौरान उनकी और उनकी पत्नी कीर्ति गोरखे, जो शासकीय दंत चिकित्सालय में लाइब्रेरियन हैं, की कुल वैध आय 1.11 करोड़ रुपये आंकी गई। वहीं उनके पास 2.13 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति मिली, जो वैध आय से करीब 108 प्रतिशत अधिक है। एजेंसी अब जब्त दस्तावेजों की जांच कर संपत्ति के स्रोत और कथित वित्तीय अनियमितताओं की पड़ताल कर रही है।