देशभर में बारिश का कहर: उत्तराखंड में हाईवे बंद, छत्तीसगढ़ में पुल टूटा, बिहार-झारखंड में आकाशीय बिजली से 10 मौतें
देश के कई राज्यों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भूस्खलन के कारण यमुनोत्री नेशनल हाईवे कई स्थानों पर बंद हो गया है, जिससे यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। रुद्रप्रयाग में भी लगातार बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ में बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर तेज बारिश के कारण एक पुल दो हिस्सों में टूट गया, जिससे उस पर गुजर रही एक यात्री बस बीच रास्ते में फंस गई।
उत्तर प्रदेश में पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। गंगा, घाघरा और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। बिजनौर के छह गांवों में गंगा का पानी घुसने से सड़कों पर नाव चलानी पड़ रही है। दूसरी ओर, बिहार के बांका और झारखंड के विभिन्न इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई। उधर, मध्य प्रदेश में अब तक औसतन 15.4 इंच बारिश दर्ज की गई है, लेकिन यह सामान्य कोटे की आधी से भी कम है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य में कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है।