भिवंडी में चार मंजिला इमारत ढही, 9 की मौत; मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका
महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात करीब 11:30 बजे एक चार मंजिला इमारत ढहने से 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद 4 से 5 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। नगर निगम के अनुसार, 48 कमरों वाली इस इमारत को पहले ही जर्जर और खतरनाक घोषित किया जा चुका था। घटना के समय भवन में मरम्मत का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि रात में इमारत से तेज चटकने की आवाजें आने पर स्थानीय लोगों ने कई परिवारों को बाहर निकालना शुरू कर दिया था, लेकिन इसी दौरान बी विंग अचानक भरभराकर गिर गई।
हादसे के बाद एनडीआरएफ, ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (TDRF) और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। इंदिरा गांधी अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, अब तक तीन घायलों को अस्पताल लाया गया है, जिनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। सभी को मामूली चोटें आई हैं, हालांकि दोनों पुरुषों के फ्रैक्चर की आशंका जताई गई है। बचाव अभियान जारी है और मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।