सावन आज से: महाकाल की 6 राजसी सवारियां, उज्जैन में रोज 4 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
भगवान शिव के प्रिय सावन माह की शुरुआत गुरुवार 30 जुलाई से हो रही है। पूरे प्रदेश के शिव मंदिरों में विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में सावन-भादौ के दौरान प्रतिदिन करीब 4 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इस वर्ष सावन के चार और भादौ के दो सोमवार को भगवान महाकाल की कुल छह राजसी सवारियां निकाली जाएंगी। पहली सवारी 3 अगस्त और अंतिम 7 सितंबर को निकलेगी। सवारी शाम 4 बजे मंदिर से शुरू होकर रामघाट पहुंचेगी, जहां शिप्रा जल से अभिषेक और पूजा-अर्चना के बाद बाबा महाकाल मंदिर लौटेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। सभी आरतियों में कार्तिक मंडप की पहली तीन पंक्तियों से चलित आरती दर्शन की सुविधा मिलेगी, जबकि हर सवारी में जनजातीय सांस्कृतिक दल और पांच एलईडी रथ आकर्षण का केंद्र होंगे। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 15 स्थानों पर मेडिकल टीमें और 24 घंटे एंबुलेंस तैनात रहेंगी। सावन-भादौ के दौरान 30 जुलाई से 7 सितंबर तक मंदिर के पट प्रतिदिन सुबह 3 बजे और सोमवार को 2:30 बजे खुलेंगे, जबकि भस्म आरती भी विशेष समय पर संपन्न होगी।