मन की बात में पीएम मोदी ने युवाओं की उपलब्धियों और कारगिल वीरों को किया नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के 136वें एपिसोड में कारगिल विजय दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कारगिल की वीरगाथा हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने देश के युवाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय छात्रों ने साइंस ओलंपियाड में शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाया है। साथ ही, निजी क्षेत्र के पहले रॉकेट 'विक्रम-1' के सफल प्रक्षेपण को भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि युवा इनोवेटर्स ने वह कर दिखाया, जो कभी असंभव लगता था।
प्रधानमंत्री ने रक्षा क्षेत्र में INS महेंद्रगिरी और पिनाका मिसाइल की सफलता, जल संरक्षण के लिए 'कैच द रेन' अभियान, 'एक पेड़ मां के नाम' पहल, प्लास्टिक मुक्त भारत, लोकल उत्पादों और खादी को बढ़ावा देने का भी उल्लेख किया। उन्होंने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की, जबकि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को याद करते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 'हर घर तिरंगा' अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।