चिता आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई, अमित भटनागर समेत 300 प्रदर्शनकारी हिरासत में
छतरपुर में केन-बेतवा लिंक परियोजना, मझगवां, रूंझ और एनटीपीसी परियोजनाओं के विरोध में चल रहे 'चिता आंदोलन' के 17वें दिन रविवार सुबह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आंदोलन के नेता अमित भटनागर समेत करीब 300 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। आंदोलनकारियों का आरोप है कि सुबह करीब 5 बजे भारी पुलिस बल ने आंदोलन स्थल को घेर लिया और 14 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे अमित भटनागर को उस समय उठा लिया गया, जब वे कथित तौर पर केन-बेतवा परियोजना में 400 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का खुलासा करने वाले थे। प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए प्रशासन को किसी भी अनहोनी के लिए जिम्मेदार ठहराया।
वहीं, प्रशासन ने आरोपों से अलग पक्ष रखते हुए बताया कि अमित भटनागर और उनके कुछ साथियों की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। बिजावर एसडीएम विजय द्विवेदी के अनुसार, उन्हें समझाइश के बाद पुलिस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। प्रशासन ने यह भी कहा कि लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रदर्शन में शामिल अन्य लोगों को सुरक्षा के मद्देनजर बसों से उनके गृह जिले पन्ना के लिए रवाना किया गया।