Since: 23-09-2009
देशभर में मानसून का असर फिलहाल असमान बना हुआ है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में बारिश की रफ्तार थम गई है, जबकि बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगातार भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ और बंगाल की खाड़ी व अरब सागर से आने वाली नम हवाएं पूर्वी भारत में सक्रिय हैं, जिससे पश्चिम और उत्तर भारत तक पर्याप्त नमी नहीं पहुंच पा रही है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में नया लो-प्रेशर सिस्टम बनने या मानसून ट्रफ के पश्चिम की ओर बढ़ने पर इन राज्यों में भी बारिश तेज होने की संभावना है।
वहीं, पूर्वोत्तर और ओडिशा में बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। अरुणाचल प्रदेश में बाढ़, भूस्खलन और भारी बारिश से 1.02 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि असम के छह जिलों में करीब 37 हजार लोग बाढ़ की चपेट में हैं। दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी में बनने वाले कम दबाव के क्षेत्र को देखते हुए ओडिशा के कई जिलों, विशेषकर पुरी में जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |