एमपी में मानसून सुस्त, 16 जुलाई से फिर तेज बारिश के संकेत
मध्य प्रदेश में मानसून फिलहाल कमजोर पड़ गया है, जिससे प्रदेश के करीब 60 फीसदी हिस्से से बारिश वाले बादल छंट गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक कहीं भी भारी या अति भारी बारिश की संभावना नहीं है। सोमवार को सतना, रीवा, सीधी, शहडोल, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, बैतूल, खरगोन, धार और अलीराजपुर समेत 22 जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार हैं, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर सहित कई जिलों में मौसम साफ रहने और धूप खिलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून को सक्रिय करने वाली प्रमुख मौसमी प्रणालियां फिलहाल कमजोर पड़ गई हैं या उनका प्रभाव मध्य प्रदेश से दूर चला गया है। इसी कारण पिछले चार-पांच दिनों से प्रदेश में केवल हल्की बारिश का दौर जारी है। हालांकि 16 जुलाई से एक नया मौसम तंत्र सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में फिर से अच्छी और कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।