करूर भगदड़ पर भावुक हुए CM विजय, बोले- यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा दर्द
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने करूर भगदड़ के बाद पहली बार घटना स्थल का दौरा किया और हादसे में जान गंवाने वाले 41 लोगों के परिजनों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। जनसभा को संबोधित करते हुए विजय ने कहा कि 2025 की करूर भगदड़ उनके जीवन का सबसे बड़ा दर्द है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय पुलिस भीड़ को संभालने में नाकाम रही, लेकिन तत्कालीन DMK सरकार ने हादसे की जिम्मेदारी उन पर डालने की कोशिश की।
विजय ने कहा कि यदि पुलिस को भीड़ नियंत्रण में कठिनाई लग रही थी तो उसे कार्यक्रम रद्द करने का अधिकार था, लेकिन ऐसी कोई चेतावनी नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि उन्होंने पुलिस पर भरोसा किया था और कभी नहीं सोचा था कि इतनी बड़ी त्रासदी हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने हादसे में बच्चों की मौत पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि उन्हें देखने आए मासूमों को खोना उनके लिए बेहद निजी और पीड़ादायक क्षति है।